डीजे 60 डेसीबल की सीमा में बजाने के निर्देश
सतपुड़ा एक्सप्रेस | अमरवाड़ा
रिपोर्ट — आलोक सूर्यवंशी
अमरवाड़ा। आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार 5 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे थाना परिसर अमरवाड़ा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम हेमकरण धुर्वे एवं एसडीओपी कल्याणी बरकड़े की उपस्थिति में पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था और डीजे संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में थाना प्रभारी राजेंद्र धुर्वे, नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु, दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्य एवं डीजे संचालक उपस्थित रहे।
डीजे को लेकर दिए निर्देश
बैठक में डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करते हुए डीजे 60 डेसीबल की सीमा में बजाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि उत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
भीड़ और यातायात व्यवस्था पर जोर
दुर्गा उत्सव के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रत्येक पंडाल में CCTV और 24 घंटे वालेंटियर
बैठक में सभी दुर्गा उत्सव समितियों को अपने-अपने पंडालों में CCTV कैमरे लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए 24 घंटे वालेंटियर की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयोजकों से कहा गया कि पंडाल में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश
नवरात्रि पंडालों में विद्युत व्यवस्था को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। आयोजकों को सुरक्षित विद्युत वायरिंग, उचित सुरक्षा उपाय और विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों और नागरिकों से नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
सतपुड़ा एक्सप्रेस — सिर्फ खबर और कुछ नहीं।















