छिंदवाड़ा के ग्राम भाजीपानी की गौशाला में विधि-विधान से किया गया गोवर्धन पूजन का विशेष आयोजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा वर्चुअल संबोधित दिया गया
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। दीपावली पर्व के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर ग्राम भाजीपानी स्थित गौशाला में विशेष आयोजन किया गया। यहां पर छिंदवाड़ा व पांढुर्णा सांसद बंटी विवेक साहू ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजन करते हुए उत्कृष्ट पशुपालन करने वाले किसानों को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर वृंदावन ग्राम भैंसादंड के तीन किसानों को गोपाल कृष्ण योजना के तहत प्रथम पुरस्कार 1 लाख, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार एवं तृतीय पुरस्कार 25 हजार सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा वर्चुअल संबोधित दिया गया।
ग्राम भाजीपानी की गौशाला में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में सांसद बंटी विवेक साहू, कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी शामिल हुए। पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. पक्षवार एवं उनकी टीम की मौजूदगी में सांसद बंटी विवेक साहू ने वैदिक व रीति-रिवाजों के साथ गोवर्धन पूजन किया। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने उपस्थित ग्रामीणों और किसानों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा किसानों, पशुपालकों एवं गौसंवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं की जानकारी दी। आयोजन में सांसद प्रतिनिधि संतोष पटेल, दिनेशकांत मालवीय, भाजपा के वरिष्ठ नेता रमाकांत पटेल, राजेश पटेल, धर्मेंद्र पटेल, झनक लाल, मनोहर शिवहरे, बलवान चौरिया, राधेश्याम पटेल, राहुल वर्मा, एसडीएम, तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और पशुपालक किसान उपस्थित थे।
छोटी बाजार श्रीराम मंदिर में भक्ति, दीपों और संगीत के रंग में मनी देव दीपावली,सामूहिक दीपोत्सव, गोवर्धन पूजन एवं अन्नकूट महा महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब
छिंदवाड़ा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन चरणों में भक्ति और दीपों का पर्व देव दीपावली, गोवर्धन पूजन एवं अन्नकूट महा महोत्सव सोमवार रात्रि को छोटी बाजार स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भव्य रूप से सुसज्जित किया गया था और सैकड़ों दीपों की लौ से समूचा क्षेत्र आलोकित हो उठा।कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 9 बजे किया गया। आरती के पश्चात भक्तों ने सपरिवार भगवान श्रीराम के चरणों में दीप प्रज्वलित किए और सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजन में भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में “जय श्रीराम” और “गोवर्धन महाराज की जय” के जयघोष गूंजते रहे। प्रांगण में भूमि पर गोबर एवं रंगोली से भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन पर्वत की प्रतिकृति स्वप्निल विश्वकर्मा द्वारा तैयार की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकुल सोनी ने बताया कि देव दीपावली भगवान श्रीराम के चरणों में भक्ति, प्रकाश और एकता का प्रतीक पर्व है, जो लोक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

ट्रस्ट की ओर से धर्मप्रेमी बंधुओं द्वारा पाँच दीपक लाकर सामूहिक दीप प्रज्वलन की परंपरा निभाई गई, जिससे परिसर दीपों की माला से सज गया। युवाओं के द्वारा इस अवसर पर प्रांगण में रंग बिरंगी आतिशबाजी भी की गई। ट्रस्ट के सचिव सतीश दुबे लाला ने बताया कि रात्रि 10 बजे से श्री श्री मां भगवती देवी जागरण ग्रुप ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों की मधुर ध्वनियों से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। “जय श्रीराम”, “गोवर्धनधारी गिरिधर गोपाल” और “राम नाम की लूट है” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। उन्होंने कहा कि इस पर्व का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में भक्ति, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि दिनभर मंदिर परिसर में श्री गोवर्धन परिक्रमा पूजन का आयोजन भी हुआ, जिसमें अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सत्यधर्म मंडल के सदस्यों एवं श्रीरामलीला मंडल के कलाकारों सहित स्थानीय नागरिकों का विशेष योगदान रहा।















