सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष और वर्तमान में जनक्रांति मोर्चा के अध्यक्ष देवीराम उर्फ देवरावन भलावी ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों में घिर गए हैं। लंबे समय से फरार चल रहे देवरावन भलावी को सोमवार को कुंडीपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जमानत नहीं मिलने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इस मामले में यह अब तक की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।इससे पहले पुलिस इसी प्रकरण में तामिया के बिजौरी निवासी आजाद अनवर कुरैशी को भी गिरफ्तार कर चुकी है। मामला माल्हनवाड़ा में आदिवासी की जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है, जिसमें फरियादी से कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये की मांग किए जाने का आरोप है।
### न्यायालय के निर्देश पर दर्ज हुई थी एफआईआरमाल्हनवाड़ा निवासी अल्फाज शाह उर्फ गोलू ने इस मामले में कुंडीपुरा थाने में शिकायत की थी। पुलिस स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए देवरावन भलावी, आजाद अनवर कुरैशी, मोहिद लाला उर्फ मोनू और मुबीन शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 318(2), 319(2), 351(3) एवं 61 के तहत अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
### क्या है पूरा मामला, क्यों मांगे गए 15 करोड़?फरियादी अल्फाज शाह उर्फ गोलू के अनुसार, उन्होंने माल्हनवाड़ा में एक आदिवासी परिवार से जमीन खरीदी थी। उनका दावा है कि जमीन की खरीद-फरोख्त में शासन और प्रशासन के निर्धारित नियमों का पालन किया गया था।आरोप है कि इसी जमीन के मामले को लेकर आरोपियों ने उन पर दबाव बनाना शुरू किया और कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर तरह-तरह से डराने और दबाव बनाने के हथकंडे अपनाए गए। इस मामले में संबंधित आदिवासी परिवार ने भी शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि जमीन बेचने वाले परिवार को भी डराया-धमकाया जा रहा था।
### लोकायुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों के नाम का भी हुआ था इस्तेमाल?इस पूरे प्रकरण में सबसे गंभीर सवाल उन कथित हथकंडों को लेकर उठ रहे हैं, जिनके जरिए फरियादी पर दबाव बनाया गया। आरोप है कि आरोपियों ने अपनी कथित योजना में लोकायुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों के शामिल होने की बात कही थी और उनके माध्यम से कार्रवाई कराने की धमकी दी थी।अब पुलिस कार्रवाई के बाद भी यह सवाल चर्चा में है कि कथित तौर पर लोकायुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों के नाम पर किसका इस्तेमाल किया गया था? वह वाहन किसका था, जिस पर मध्यप्रदेश शासन लिखा हुआ था? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
### सुबह गिरफ्तारी, दोपहर में न्यायालय में पेशी जानकारी के अनुसार, कुंडीपुरा पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे देवरावन भलावी को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी को जमानत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन न्यायालय से राहत नहीं मिली और उन्हें जेल भेज दिया गया।
### तीन आरोपी खुद को बताते रहे एडवोकेटइस प्रकरण में नामजद आरोपियों में देवरावन भलावी, मोहिद लाला और आजाद अनवर कुरैशी ऐसे नाम हैं, जो कथित तौर पर खुद को एडवोकेट बताते रहे हैं। वहीं चौथे आरोपी मुबीन शाह को लेकर भी आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ माह पहले ही एक अन्य मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।फिलहाल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर 15 करोड़ रुपये की कथित मांग, लोकायुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों के नाम के इस्तेमाल तथा मध्यप्रदेश शासन लिखे वाहन की भूमिका को लेकर जांच के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं।















