सांसद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सौंसर क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र की सौगात दिए जाने पर अभिनंदन कर आभार भी व्यक्त किया
सांसद ने सीएम से विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान, राजा शंकरशाह विश्वविद्यालय के लिए बजट आवंटन, चिकित्सा महाविद्यालय में प्राध्यापकों की पदस्थापना, जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में बजट की स्वीकृति और नगर परिषद बिछुआ में निर्माण को लेकर किया अनुरोध
सांसद ने छिंदवाड़ा व पांढुर्णा जिले में अल्पवर्षा के कारण किसानों को हुये नुकसान की भरपाई की माँग की एवं सूखे से राहत के लिये सहयोग की माँग की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांसद को दोनों जिलों के विकास को लेकर हरसंभव सहयोग का दिया आष्वासन
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।। पांढुर्णा और छिन्दवाड़ा जिले के विकास को लेकर लगातार प्रयासरत और कृतसंकल्पित सांसद बंटी विवेक साहू अपने भोपाल और दिल्ली प्रवास के दौरान लगातार मंत्रियों से मुलाकात कर रहे है। जिसके अनुकूल परिणाम भी सामने आने लगे है। इसमें अब तक की सबसे बड़ी सौगात सावनेर से छिन्दवाड़ा और छिन्दवाड़ा से सिवनी तक फोरलेन निर्माण के लिए ढाई हजार करोड़ की सौगात और सौंसर क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र में 13,300 करोड़ का निवेश और संभावित एक लाख रोजगार शामिल है।
सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा किये गए लगातार प्रयास का ही परिणाम है कि कोयलांचल क्षेत्र में नई कोयला खदाने खोलने की दिषा में तेज गति से कार्य शुरू हो गया है। सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में रेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत गुरूवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सौंसर क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र की सौगात दिए जाने पर अभिनंदन कर आभार भी व्यक्त किया है। सांसद ने सीएम से छिंदवाड़ा व पांढुर्णा जिले में अल्पवर्षा के कारण किसानों को हुये नुकसान की भरपाई करने का निवेदन करते हुए दोनों जिलों में सूखे से राहत के लिये सहयोग प्रदान करने का आग्रह भी किया है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान, राजा शंकरशाह विश्वविद्यालय के लिए बजट आवंटन, चिकित्सा महाविद्यालय में प्राध्यापकों की पदस्थापना, जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में बजट की स्वीकृति और नगर परिषद बिछुआ में निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए अनुरोध भी किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांसद को दोनों जिलों के विकास को लेकर हरसंभव सहयोग का आष्वासन भी दिया है।
सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री व प्रभारी मंत्री से भी की मुलाकात भोपाल प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से मुलाकात करते हुए दोनों जिलों की स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए विकासखण्डों के गांवों में उप स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्वीकृति का निवेदन किया है। साथ ही जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा में गायनिक वार्ड व एनआईसीयू में सुविधाएं बढ़ाने का आग्रह भी किया है। सांसद श्री साहू ने छिन्दवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह से मुलाकात करते हुए छिन्दवाड़ा जिले में विकास कार्यों को लेकर चर्चा करते हुए दोनों जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्वीकृति व अन्य निर्माण को लेकर निवेदन भी किया है। मुलाकात के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता टीकाराम चंद्रवंशी, बंटी पटेल, लक्ष्मीकांत गोलू नागरे, संजय सक्सेना आदि मौजूद थे।सांसद ने सीएम से विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान को लेकर की चर्चामुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान से ओपन कोयला खदान परियोजना पेंचक्षेत्र वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड के वन भूमि व्यपवर्तन प्रस्ताव को भारत सरकार को शीघ्र अग्रेषित किया जाए। उन्होंने सीएम को बताया कि पेंचक्षेत्र की विष्णुपुरी भूमिगत कोयला खदान को ओपन कोयला खदान में परिवर्तित करने के लिये वन भूमि व्यपवर्तन का प्रस्ताव मध्यप्रदेश शासन स्तर पर लंवित है जिसे कि भारत सरकार को अनुमति के लिये भेजा जाना है। उक्त परियोजना की निर्धारित उत्पादन क्षमता 1.50 मिलियन टन प्रतिवर्ष है। परियोजना का कुल क्षेत्रफल 427 हेक्टेयर है, जिसमें 146.914 हेक्टेयर वन भूमि का व्यपवर्तन प्रस्तावित है। परियोजना की अनुमानित लागत 227.65 करोड़ है।
मुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बताया कि इस परियोजना से राज्य को महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होने की अपेक्षा है। जिसमें कोयला उत्पादन से प्रचलित रायल्टी दरों के अनुसार तीन वर्षों की अवधि में राज्य शासन को लगभग 125 करोड़ का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। रोजगार सृजन परियोजना प्रतिवेदन के अनुसार परियोजना में लगभग 191 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान किया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त भी रोजगार के अवसर सृजित होने से स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे। देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु कोयला उत्पादन में वृद्धि होगी जिससे औद्योगिक क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि इससे क्षेत्रीय विकास छिंदवाड़ा जिले में स्थानीय व्यापार, परिवहन, संविदात्मक सेवाओं एवं अन्य संबद्ध आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं कल्याण के साथ-साथ आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे तथा क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास को बढ़ावा मिलेगा। सांसद ने सीएम से सादर अनुरोध किया है कि उपरोक्त तथ्यों को ध्यान में रखते हुए इस प्रकरण को राज्य शासन की अनुशंसा सहित भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को अग्रेषित कराने की कृपा करें। उन्होंने कहा है कि आपके सहयोग से उक्त महत्वपूर्ण परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त होगा तथा मध्यप्रदेश राज्य के आर्थिक एवं सामाजिक- आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
सांसद ने सीएम से राजा शंकरशाह विश्वविद्यालय के लिए बजट आवंटन का किया अनुरोधमुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि राजा शंकरशाह विश्वविद्यालय छिन्दवाडा में अधोसंरचना विकास एवं भवन निर्माण के लिये स्वीकृत राशि का बजट आवंटन शीघ्र किया जाए। सांसद ने सीएम को बताया कि वर्ष 2019 में विश्व विद्यालय की स्थापना की गई थी। बाद में इसका नामकरण जनजाति स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा शंकरशाह के नाम पर कर दिया गया था। वर्तमान में विश्वविद्यालय शा.स्व. महाविद्यालय के ग्रंथालय भवन में संचालित हो रहा है जो कि विश्वविद्यालय संचालन के लिये अनुपयुक्त है। विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन, आडिटोरियम, कार्यालय, आवास, पुस्तकालय भवन इत्यादि नहीं हैं।
सांसद ने सीएम को बताया कि विश्वविद्यालय के अधोसंरचना विकास के लिये मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा डी.पी.आर. के अनुसार 486.45 करोड़ की राशि की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। विश्वविद्यालय के लिये 120 एकड भूमि आवंटित की जा चुकी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा निविदा भी आमंत्रित की जा चुकी थी किन्तु बजट आवंटन के अभाव में निविदा निरस्त की जा चुकी है। इस विश्वविद्यालय का कार्यक्षेत्र चार जिले छिन्दवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पान्दुर्ना है जिसमें बहुसंख्यक जनजाति समाज निवास करता है। सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि विश्वविद्यालय भवन निर्माण एवं अधोसंरचना विकास के लिये राशि आवंटित कराने की कृपा करें ताकि भवन एवं अधोसरंचना विकास के लंवित कार्य प्रारंभ हो सकें।
सांसद ने सीएम से चिकित्सा महाविद्यालय को लेकर की चर्चा मुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि चिकित्सा महाविद्यालय छिन्दवाड़ा में गायनोकोलाजी विभाग में छात्रों के अनुपात में प्राध्यापकों की पदस्थापना की जाए साथ ही प्रसूती विभाग की क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापना भी की जाए। सांसद ने सीएम को बताया कि छिन्दवाडा एवं पाण्डुर्णा जिले में एकमात्र चिकित्सा महाविद्यालय संचालित है जिसमें गायनोकोलाजी विभाग में प्रोफेसर, एसोसियेट प्रोफेसर, असिस्टेन्ट प्रोफेसर के एक-एक पद स्वीकृत हैं। साथ ही जिला चिकित्सालय में कुल तीन सीनियर एवं जूनियर गायनोकोलाजी के पद हैं। चिकित्सा महाविद्यालय में स्वीकृत पदों के विरूद्ध शिक्षण कार्य हेतु अपेक्षित प्रोफेसर एवं एसोसियेट व असिस्टेन्ट प्रोफेसर पदस्थ नहीं है, जबकि एमबीबीएस छात्रों की संख्या 150 हो गई है। सांसद ने सीएम को बताया कि चिकित्सा महाविद्यालय के गायनोकोलाजी विभाग के चिकित्सकों द्वारा वर्ष 2026 में जनवरी से सितम्बर 2026 तक विभाग में कुल 12063 महिला मरीजों को पंजीयन हुआ है एवं कुल प्रसव 5452 हुए हैं। लोअर सिगमेन्ट सिजेरियन सर्जरी की संख्या 3212 है। उन्होंने कहा कि जिले में महिला मरीजों की संख्या अधिक होने और चिकित्सा शिक्षा के छात्रों की दर्ज संख्या की वजह से छात्रों को शिक्षकीय स्टाफ की कमी के कारण गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्राप्त नहीं हो पा रही है वहीं महिला मरीजों को चिकित्सकों की सेवा सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि अपेक्षित शैक्षणिक स्टाफ की कमी से महाविद्यालय की मान्यता भी प्रभावित हो सकती है। आपसे अनुरोध है कि चिकित्सा महाविद्यालय छिन्दवाडा में निर्धारित नार्म के अनुसार प्राध्यापकों एवं चिकित्सकों को पदस्थ करने का कष्ट करें।
सांसद ने जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा के लिए मांगा बजट मुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा (संबंद्ध चिकित्सा महाविद्यालय छिंदवाडा) की लिफ्ट की एमएमसी व सीएमसी एवं फायर सेफ्टी एवं नवीन एकेडमिक भवन तथा छात्रावास निर्माण हेतु बजट की स्वीकृति दी जाए। सांसद ने सीएम को बताया कि वर्तमान में चिकित्सा महाविद्यालय छिंदवाडा में एम.बी.बी.एस. की सीटों में वृद्धि के साथ पी.जी. पाठ्यक्रम की सीटों में भी वृद्धि हुई है, जिसके कारण शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा निम्न कार्यों हेतु बजट की मांग की गई है। जिसके तहत लिफ्ट की सीएमसी हेतु 21,92,322, फायर सेफ्टी के दुरुस्तीकरण हेतु 38,32,580, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट के उपरांत आवश्यक दुरुस्तीकरण हेतु 6,36,312, नवीन एकेडमिक ब्लॉक एवं विभिन्न छात्रावासों के निर्माण हेतु प्रथम स्तरीय प्राक्कलन 114.08 करोड़ की आवश्यकता है।
सांसद ने सीएम को बताया कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं सुरक्षा की दृष्टि से उक्त कार्य आवश्यक हैं। कृपया संस्था की वर्तमान आवश्यकताओं एवं मरीजों/विद्यार्थियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए उक्त कार्यों हेतु आवश्यक प्रशासकीय स्वीकृति एवं बजट राशि शीघ्र स्वीकृत करने का कष्ट करें।सांसद ने बिछुआ में सी.सी. रोड निर्माण का किया निवेदनमुलाकात के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि नगर परिषद बिछुआ में बस स्टैंड से शासकीय महाविद्यालय बिछुआ तक 1250 मीटर सी.सी. रोड, कल्वर्ट, सी.सी. नाली एवं पेवर ब्लाक निर्माण कार्य किया जाए।
सांसद ने सीएम को बताया कि नगर परिषद बिछुआ के अध्यक्ष रामचन्द बोबड़े ने मुझे प्रस्तुत आवेदन दिया था, जिसमें उन्होंने नगर परिषद बिछुआ में बस स्टेंड से शासकीय महाविद्यालय बिछुआ तक सी.सी. रोड, कल्वर्ट, सी.सी. नाली एवं पेवर ब्लाक निर्माण कार्य कराने का अनुरोध किया है। सांसद ने सीएम से निवेदन किया है कि बस स्टैंड से शासकीय महाविद्यालय बिछुआ तक सी.सी. रोड, कल्वर्ट, सी.सी. नाली एवं पेवर ब्लाक निर्माण कार्य स्वीकृत करने का कष्ट करें।















