Home AGRICULTURE किसानों की मक्का उपज में ‘धारा और ढालता’ के नाम पर एक...

किसानों की मक्का उपज में ‘धारा और ढालता’ के नाम पर एक किलो की अवैध काट

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

अमरवाड़ा मंडी सचिव मनोज चौकीकर ने बताया नियम विरुद्ध, दोषी व्यापारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

किसानों से अपील—अनुचित कटौती की तत्काल शिकायत करें, पूरी पेमेंट मिलने के बाद ही दें आधार आधारित OTP

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा-अमरवाड़ा :रिपोर्ट आलोक सूर्यवंशी मक्का उत्पादन में अग्रणी छिंदवाड़ा जिले में किसानों की उपज की खरीदी को लेकर एक गंभीर मामला सामने आ रहा है। जिले में कुछ व्यापारियों द्वारा किसानों से मक्का खरीदते समय ‘धारा’ और ‘ढालता’ के नाम पर प्रति क्विंटल एक किलो मक्का की कटौती किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। किसानों की उपज से इस तरह की अतिरिक्त कटौती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मंडी सचिव ने माना नियम विरुद्ध, कार्रवाई का दिया आश्वासन

इस मामले को सतपुड़ा एक्सप्रेस द्वारा गंभीरता से उठाते हुए अमरवाड़ा मंडी सचिव मनोज चौकीकर के संज्ञान में लाया गया। सतपुड़ा एक्सप्रेस के प्रतिनिधि आलोक सूर्यवंशी द्वारा इस संबंध में सवाल किए जाने पर मंडी सचिव ने स्पष्ट किया कि वारदाना सहित सौदों में धारा और ढालता के नाम पर इस तरह की मनमानी कटौती नियम विरुद्ध है।उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए आश्वासन दिया कि ऐसा करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध सख्त और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कोई व्यापारी उनसे इस प्रकार की अनुचित मांग करता है या उपज में अनधिकृत कटौती करता है तो किसान तत्काल इसकी शिकायत करें, ताकि संबंधित व्यापारी के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।

आखिर कैसे चल रहा है कटौती का खेल?

मामले को समझने के लिए खेत-खलिहान में होने वाले मक्का के सौदों पर नजर डालना जरूरी है। वर्तमान में कई जगह व्यापारी किसानों के खेत या खलिहान गांव से ही मक्का खरीदने का सौदा कर रहे हैं। इन सौदों में मक्का के साथ बारदाना भी किसान की ओर से दिया जा रहा है। यानी व्यापारी किसान से बारदाने सहित पूरा माल खरीदने का सौदा करते हैं।इसके बावजूद तौल और भुगतान के समय व्यापारियों द्वारा ‘धारा’ और ‘ढालता’ का हवाला देकर प्रति क्विंटल एक किलो मक्का की कटौती की जा रही है।सवाल यह है कि जब बारदाना किसान का है और सौदा भी बारदाने सहित पूरी उपज का हुआ है, तो फिर किसान की उपज में से अतिरिक्त एक किलो की कटौती किस नियम के तहत की जा रही है?

आधार आधारित OTP देने में किसान बरतें सावधानी

मक्का खरीदी के दौरान भुगतान प्रक्रिया में भी किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है। कुछ व्यापारियों द्वारा भुगतान के नाम पर किसानों से आधार आधारित OTP मांगी जाती है। इस संबंध में किसानों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।किसान यह सुनिश्चित करें कि उनकी उपज की पूरी राशि उनके खाते में जमा हो चुकी है और भुगतान की पुष्टि हो गई है। **पूरी पेमेंट प्राप्त होने से पहले किसी भी व्यापारी को आधार आधारित OTP न दें। OTP किसी के साथ साझा करने से पहले यह भी समझ लें कि उसका उपयोग किस प्रक्रिया के लिए किया जा रहा है। बैंक खाते में वास्तविक भुगतान की पुष्टि अवश्य करें।

किसानों की मेहनत पर सीधा आर्थिक नुकसान

छिंदवाड़ा जिले में लाखों मीट्रिक टन मक्का का उत्पादन और व्यापार होता है। ऐसे में प्रति क्विंटल एक किलो की कटौती भी सामूहिक रूप से किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है।उदाहरण के तौर पर यदि कोई किसान 100 क्विंटल मक्का बेचता है तो एक किलो प्रति क्विंटल के हिसाब से उसकी एक क्विंटल मक्का की कीमत के बराबर उपज कटौती में चली जाती है। किसानों के लिए यह जरूरी है कि खरीदी के समय तौल, बारदाने का वजन और भुगतान का हिसाब स्पष्ट हो।

गलत कटौती पर कहां करें शिकायत?

यदि किसी किसान से धारा, ढालता या किसी अन्य नाम पर अनुचित कटौती की जाती है तो वह चुप न रहें।- संबंधित कृषि उपज मंडी समिति में लिखित शिकायत करें।- मंडी सचिव एवं मंडी बोर्ड के अधिकारियों को जानकारी दें।- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराएं।- तौल पर्ची, भुगतान विवरण और सौदे से जुड़े प्रमाण सुरक्षित रखें।- भुगतान की पुष्टि होने से पहले आधार OTP साझा न करें।

अब देखना होगा, कितनी प्रभावी होती है कार्रवाई

अमरवाड़ा मंडी सचिव मनोज चौकीकर द्वारा इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अब किसानों की निगाहें मंडी प्रशासन पर टिकी हैं। जरूरी है कि खेत-खलिहान से होने वाली खरीदी सहित मंडी क्षेत्र के व्यापारिक लेन-देन की निगरानी की जाए और किसानों की उपज से होने वाली अनधिकृत कटौती पर रोक लगे।

किसानों की मेहनत की कमाई में एक किलो की भी अनधिकृत कटौती बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। किसान जागरूक रहें, अपने भुगतान की पुष्टि करें और किसी भी अनुचित मांग पर तत्काल शिकायत करें।

सतपुड़ा एक्सप्रेस — सिर्फ खबर और कुछ नहीं।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें