Home DHARMA चमत्कारिक ‘हनुमान लोक’ जामसांवली धाम में जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज की दिव्य रामकथा...

चमत्कारिक ‘हनुमान लोक’ जामसांवली धाम में जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज की दिव्य रामकथा का भव्य शुभारंभ

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस जामसांवली/सौसर: 29 मार्च 2026*जामसांवली धाम: चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर हनुमान लोक जामसांवली धाम में हनुमान जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में आयोजित दिव्य रामकथा का रविवार से मंगल शुभारंभ हुआ। भव्य दिव्य रामकथा के प्रथम दिवस पर आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व विख्यात पद्मविभूषण तुलसीपीठाधीश्वर पूज्य जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज की ओजस्वी वाणी से पूरा परिसर राममय हो उठा। हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण हेतु उमड़े और वातावरण ‘जय श्रीराम’ व ‘जय जय हनुमान’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।

कथा के माध्यम से मर्यादा और धर्म का संदेश*पूज्य जगद्गुरु ने अपने प्रवचन में कहा कि संपूर्ण रामायण एक दिव्य स्वरूप है जो पांच प्रमुख लीलाओं—बाल लीला, विवाह लीला, वनवास लीला, रणभूमि और राज्याभिषेक—पर आधारित है। इन प्रत्येक प्रसंगों में मर्यादा, धर्म और आदर्श जीवन का गूढ़ संदेश निहित है। भगवान राम ने इस धरती पर अवतार लेकर अन्याय, अत्याचार और अधर्म का विनाश किया तथा सत्य व धर्म की स्थापना की। उनका जीवन मानव मात्र के लिए आदर्श, प्रेरणा और कर्तव्यपथ का प्रकाश स्तंभ है। भगवान श्रीराम का जन्म केवल एक राजकुमार का जन्म नहीं था, बल्कि धर्म, मर्यादा और आदर्शों के अवतरण का पावन क्षण था।*लेटी प्रतिमा का रहस्य और विश्व मंगल की कामना*इस पावन प्रसंग में पूज्य जगद्गुरु ने हनुमान जी के अद्भुत और अलौकिक स्वरूप का रहस्य भी उजागर किया। उन्होंने श्री मूर्ति के दर्शन कर विश्व के मंगल की कामना की और श्रद्धा भाव से बताया कि जामसांवली धाम में विराजमान लेटे हुए हनुमान जी अत्यंत चमत्कारिक, जागृत और साक्षात कृपा स्वरूप हैं। उनकी यह अद्वितीय मुद्रा भक्तों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। ऐसी जनश्रुति प्रचलित है कि लंका विजय के पश्चात उत्तर दिशा की ओर प्रस्थान करते समय हनुमान जी ने जामसांवली की पवित्र भूमि पर विश्राम किया था। विश्व में हनुमान जी की लेटी हुई प्रतिमाएं अत्यंत दुर्लभ हैं।

*विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्मान एवं पादुका पूजन*कथा मंच पर मुख्य यजमान संस्थान अध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा एवं जिला भाजपा अध्यक्ष व प्रबंध ट्रस्टी श्री संदीप मोहोड ने सपत्नीक पूज्य जगद्गुरु के चरण पादुका का विधि-विधान से पूजन किया। इस गरिमामयी अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री अनिल बोंडे, कलेक्टर पांढुर्णा श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश (दोनों सपत्नीक), नागपुर के मुधोजी राजे भोंसले एवं रेमंड के डायरेक्टर जे.के. शर्मा ने पूज्य जगद्गुरु का आत्मीय सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान अमरावती के सांसद भी उपस्थित रहे।*भव्य स्वागत, कलश यात्रा एवं प्रथम दिवस का विराम*कथा पूर्व, चित्रकूट से नागपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर पूज्य जगद्गुरु का मंदिर संस्थान के प्रबंध ट्रस्टी संदीप मोहोड एवं पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड ने भव्य स्वागत किया। जामसांवली प्रवेश द्वार पर संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित ट्रस्टियों ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। इस दौरान उनके उत्तराधिकारी रामचरणदास भी उपस्थित थे।

स्वागत के अवसर पर वारकरी संप्रदाय की परंपरागत दिंडी यात्रा निकाली गई और पीत वस्त्र धारण किए महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकालकर आयोजन को दिव्यता प्रदान की। मंदिर परिसर में नन्हीं छात्राओं द्वारा गणेश वंदना और राम स्तुति की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।प्रथम दिवस की कथा का आरती के पश्चात मंगल विराम हुआ। कल द्वितीय दिवस पर अनेक मंगल प्रसंगों के साथ पूज्य जगद्गुरु पुनः अपनी अमृतवाणी से रामकथा का रसपान कराएंगे।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें