भव्य वाहन रैली में उमड़ा हजारों सामाजिक बंधुओं का जनसैलाब, प्रतिभाओं एवं सेवानिवृत्तजनों का हुआ सम्मान
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा :भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जन्मोत्सव सूर्यवंशी कलार समाज जिला छिंदवाड़ा द्वारा बड़े ही धूमधाम, उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में समाज के हजारों महिला-पुरुषों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे सहस्त्रबाहु चौक, पोला ग्राउंड छिंदवाड़ा में भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात दशहरा मैदान से कृष्णा लॉन तक भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में सामाजिक बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकता एवं संगठन शक्ति का परिचय दिया।

वाहन रैली का नगर में जगह-जगह छिंदवाड़ा के नागरिकों तथा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा, स्वागत एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। सूर्यवंशी कलार समाज ने इस आत्मीय स्वागत एवं सहयोग के लिए सभी नागरिकों एवं संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कृष्णा लॉन में आयोजित मुख्य समारोह में पहुंची समाज की मातृशक्ति एवं महिलाओं का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। समारोह में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस अवसर पर IIT एवं NET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं, सेवानिवृत्त सामाजिक बंधुओं तथा शासकीय सेवाओं में नवनियुक्त प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके योगदान एवं उपलब्धियों का गौरव बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के दौरान सूर्यवंशी कलार समाज छिंदवाड़ा के सचिव श्री नंदन सूर्यवंशी जी द्वारा समाज के माध्यम से किए गए सामाजिक, रचनात्मक, जनकल्याणकारी कार्यों एवं समस्त समाज के सामने आय व्यय की जानकारी वार्षिक प्रतिवेदन में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने समाज की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए भविष्य में समाज को और अधिक संगठित एवं सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह के अंत में समाज के अध्यक्ष श्री देवीचंद सूर्यवंशी जी एवं समस्त कार्यकारिणी द्वारा जन्मोत्सव कार्यक्रम में पधारे सभी सामाजिक बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं, अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों तथा नगरवासियों के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया गया।
भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में शिक्षा, संगठन, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं सेवा की भावना को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ जन्मोत्सव समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।















