सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री महाकाल मोक्षधाम मंदिर में आस्था और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। विगत रात्रि से ही मंदिर परिसर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। देवा जी देवा महादेव का महाअभिषेक, पूजन-पाठ एवं “ॐ नमः शिवाय” के मंत्रोच्चारण से सम्पूर्ण वातावरण शिवमय हो गया। शिव शक्ति के इस महापर्व पर भगवान भोलेनाथ को आकर्षक श्रृंगार में सजाया गया। भूत-भावन गणों के साथ महादेव की बारात का भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालु सीताराम जाप एवं हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात्रि तक निरंतर चलता रहा। संध्या बेला में विशेष आकर्षण का केंद्र रही महाभस्मी आरती, जो उज्जैन के पश्चात छिंदवाड़ा में पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से आयोजित की जा रही है। इस दिव्य आरती में असंख्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। देर रात्रि तक मंदिर परिसर भक्तों के जयघोष से गूंजता रहा और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा। श्री महाकाल मोक्षधाम मंदिर समिति ने महाशिवरात्रि महापर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले समस्त सहयोगियों एवं छिंदवाड़ा वासियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।















