10 दिनों बाद शुरू हुई नीलामी प्रक्रिया, 50 हजार क्विंटल से अधिक मक्के की आवक
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।कृषि उपज मंडी में सोमवार को 9.30 मिनट पर मूंग की बोली के साथ खरीदी शुरू की गई। दीपावली व चुनाव के कारण 10 दिनों तक मंडी बंद रहने के बाद सोमवार को किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे। सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर पंडित द्वारा गणेश व लक्ष्मी जी की पूजा एवं मंत्रोच्चार के उपरांत शंख की ध्वनि के साथ नीलामी कार्य का शुभ मुहूर्त किया। 1 किलो मूंग 1 लाख 21 हजार 111 रुपये प्रति किलो की दर पर बिकी। जिसे पंचवटी ट्रेडर्स ने खरीदा। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस दौरान आशुतोष डागा, वरिष्ठ व्यापारी राकेश अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, संजय जैन, नवीन साहू, बब्लू साहू, सहित बड़ी संख्या में व्यापारी हमाल एवं किसान उपस्थित थे। व्यापारी संघ के आशुतोष डागा ने बताया है कि हर साल दीपावली के बाद मुहूर्त खरीदी की जाती है, जिसमें पहली बोली नीलामी से होती है, उसे व्यापारी ऊंचे दामों में खरीदते हैं। सालों से यही परंपरा चली आ रही है। गौरतलब है कि दीपावली त्योहार के चलते कुसमैली स्थित अनाज मंडी बीते 10 दिनों से बंद थी, जिसके बाद विधिवत रूप से मंडी में अनाज खरीदी शुरू की गई है। इस दौरान व्यापारी, किसान और मंडी के अधिकारी औरकर्मचारी भी मौजूद रहे। आने वालेदिनों में खरीदी की प्रक्रिया यथावतजारी रहेगी।
मक्के की रही बंपर आवक10 दिनों बाद मंडी खुलने से मंडी में मक्के की बम्पर आवक दर्ज की गई। सोमवार को मंडी में 50 हजार क्विंटल मक्के की आवक दर्ज की गई। मंडी प्रबंधन ने बताया है कि सोमवार को मक्के की पहली बोली 2111 रूपए की लगी। वहीं वर्तमान में मंडी में मक्के के दाम 2050 से 2130 रूपए तक चल रहा है। उन्होंने बताया है कि आने वाले दिनों में मक्के की आवक और तेज होगी। मंडी में मक्के की बंपर आवक को देखते हुए प्रबंधन ने एक दिन पहले ही किसानों के लिए व्यवस्थाएं बना ली है। रविवार से ही मक्के की आवक शुरू हो गई थी। प्रबंधन ने इस बार मक्के की नीलामी कि लिए अलग से शेड निर्धारित क्या है। जिसके चलते अब उन्ही शेड़ों पर नीलामी प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। वहीं अन्य उपजों के लिए अन्य शेडों का उपयोग किया जा रहा है।