सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। जिले में फसलों के नुकसान और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कल यानी 13 अक्टूबर को किसान युवा शक्ति संगठन के बैनर तले विशाल पदयात्रा और ज्ञापन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। किसान नेताओं का कहना है कि कम बारिश के कारण फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं, लेकिन सरकारी आंकड़ों में वर्षा की स्थिति को गलत दिखाया जा रहा है।
अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सैकड़ों किसान कल बस स्टैंड मान सरोवर के सामने एकत्र होंगे और रैली निकालकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। छिंदवाड़ा जिले में कम बारिश और सूखे की मार झेल रहे किसानों का सब्र अब जवाब दे चुका है। किसान युवा शक्ति संगठन, जिला छिंदवाड़ा के बैनर तले कल 13 अक्टूबर को दोपहर 11 बजे मान सरोवर बस स्टैंड से एक विशाल रैली निकाली जाएगी।
किसान नेताओं ने साफ किया है कि यह कोई धरना प्रदर्शन नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम है, जिसमें सैकड़ों किसान पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। किसान संगठन की प्रमुख मांग छिंदवाड़ा जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने की है।
किसान नेताओं का आरोप है कि जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी बारिश के आंकड़े पूरी तरह से गलत हैं। जमीनी हकीकत यह है कि वर्षा बहुत कम हुई है और खरीफ की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। इसके अलावा, किसानों ने राहत राशि और फसल बीमा का तुरंत भुगतान करने की मांग की है। 10 सूत्रीय मांगों में माचागोरा बांध के डूब क्षेत्र से प्रभावित किसानों को 4 गुना मुआवजा, चौसरा क्षेत्र में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर परियोजना के संभावित खतरों का निष्पक्ष आकलन, माचागोरा लिफ्ट इरिगेशन योजना का काम जल्द पूरा करने, स्मार्ट मीटर हटाने और गांवों में जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
भाजपा की ओर से नोटिस मिलने के सवाल पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष और किसान नेता अमित सक्सेना का कहना है कि यह आयोजन किसी पार्टी विशेष के बैनर तले नहीं, बल्कि किसान युवा शक्ति संगठन और जनहित के मुद्दों के लिए किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र के किसानों की आवाज उठाना उनका फर्ज है।















