राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय में फॉर्म रिजेक्ट होने से उठे सवाल, छात्राओं को नहीं मिल रहा योजना का लाभ
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘गांव की बेटी योजना’ का लाभ पाने की उम्मीद लगाए बैठीं राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय छिंदवाड़ा की लगभग 90 छात्राओं को निराशा हाथ लगी है। छात्राओं द्वारा योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद उनके फॉर्म कॉलेज प्रबंधन द्वारा रिजेक्ट कर दिए गए। इसके चलते पात्रता रखने वाली छात्राएं योजना की आर्थिक सहायता से वंचित हो रही हैं।मामले में सवाल उठ रहे हैं कि जब छात्राओं ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन किया था, तो उनके आवेदनों को निरस्त करने के बजाय त्रुटियों का निराकरण कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने का प्रयास क्यों नहीं किया गया? बताया जा रहा है कि कई आवेदनों में ऐसी कमियां थीं, जिनका सुधार या निराकरण संभव था। इसके बावजूद लगभग 90 छात्राओं के फॉर्म रिजेक्ट होने से छात्राओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
### क्या है गांव की बेटी योजना?मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाशाली छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गांव की बेटी योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत गांव के विद्यालय से कक्षा 12वीं में प्रथम श्रेणी यानी कम से कम 60 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।
योजना के तहत सामान्य स्नातक पाठ्यक्रम में अध्ययनरत छात्राओं को 500 रुपये प्रतिमाह (10 माह के लिए कुल 5 हजार रुपये) तथा तकनीकी एवं चिकित्सा शिक्षा के लिए 750 रुपये प्रतिमाह (10 माह के लिए कुल 7,500 रुपये) की सहायता प्रदान की जाती है।### छात्राओं के भविष्य से जुड़ा मामला, जवाबदेही किसकी?इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर खड़ा हो रहा है। यदि आवेदन में त्रुटियां थीं और उनका निराकरण संभव था, तो छात्राओं को सुधार का अवसर क्यों नहीं दिया गया? क्या आवेदन निरस्त करने से पहले संबंधित छात्राओं को इसकी सूचना दी गई थी?
इस संबंध में राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। प्राचार्य का पक्ष प्राप्त होने पर समाचार में शामिल किया जाएगा।अब देखना होगा कि उच्च शिक्षा विभाग और महाविद्यालय प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और योजना के लाभ से वंचित हुई लगभग 90 छात्राओं को न्याय मिल पाता है या नहीं।















