2011 में शुरू हुई दादाधाम ट्रेन कोरोना काल में बंद हुई थी, पांढुर्णा होकर संचालन से लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा। क्षेत्र के रेल यात्रियों और श्री दादाजी धूनीवाले महाराज के भक्तों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। सांसद विवेक बंटी साहू के प्रयासों से भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस (11111/11112) को पांढुर्णा होकर चलाने की स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 23 नवंबर को सांसद को पत्र जारी कर रेल सेवा संचालन की मंजूरी की जानकारी दी।

खंडवा दादाधाम की यात्रा होगी आसान नई रेल सेवा से नागपुर, काटोल, नरखेड़, पांढुर्णा, मुलताई, आमला, बैतूल और घोड़ाडोंगरी सहित अनेक शहरों के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। अमरावती, नागपुर, छिंदवाड़ा एवं बैतूल जिले के अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। खंडवा स्थित श्री दादाजी धूनीवाले धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को अब इटारसी में ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।सांसद ने लगातार उठाई रेल सेवा बहाली की मांगपांढुर्णा क्षेत्र के यात्रियों और लाखों दादाजी भक्तों की सुविधा के लिए सांसद विवेक बंटी साहू ने संसद, रेल मंत्री, रेलवे जीएम एवं डीआरएम के साथ विभिन्न बैठकों में ट्रेन पुनः शुरू करने का मुद्दा उठाया।

वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान बंद हुई ट्रेन को बहाल कराने के लिए उन्होंने रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार प्रयास किए। इस अभियान में अन्य सांसदों का भी सहयोग मिला।ट्रेन बहाली को लेकर वर्षों से जारी था प्रयासवर्ष 2011 में कांग्रेस शासनकाल के दौरान तत्कालीन केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की भूमिका से शुरू हुई इस ट्रेन में दादाजी धूनीवाले दरबार के कोमलभाऊ आखरे ने प्रथम यात्री के रूप में यात्रा की थी। कोरोना काल में ट्रेन बंद होने के बाद इसे पुनः शुरू कराने के लिए क्षेत्रवासियों एवं दादाजी भक्तों ने ज्ञापन दिए, कांग्रेस ने क्रमिक भूख हड़ताल भी की। इसी वर्ष दादाजी भक्त एवं चंडी माता मंदिर तथा विशाल जामसांवली मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज गुडधे अपने भक्त साथियों के साथ पांढुर्णा से खंडवा तक पैदल यात्रा कर ट्रेन बहाली की मांग लेकर पहुंचे थे।

श्रेय की राजनीति से परे प्रयासों को मिली सफलता ट्रेन शुरू करने और बंद होने के बाद इसे पुनः बहाल कराने को लेकर लंबे समय तक राजनीतिक प्रयास एवं मांगें उठती रहीं। हालांकि लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं और क्षेत्रीय जरूरत को देखते हुए सांसद विवेक बंटी साहू ने विभिन्न मंचों पर लगातार रेल सेवा बहाली का मुद्दा उठाया। आखिरकार उनके प्रयास सफल हुए और क्षेत्र को रेल सुविधा की सौगात मिली। स्वीकृति मिलने पर मनोज गुडधे ने दादाजी भक्तों एवं क्षेत्रवासियों की ओर से सांसद विवेक बंटी साहू तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।इस महत्वपूर्ण निर्णय पर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
रेल सेवा की मंजूरी को क्षेत्रीय संपर्क, यात्री सुविधा और दादाजी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।















