सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन की प्रदेश इकाई ने वर्ष 2026 के तीसरे ‘मणिदीप सृजन सम्मान’ की घोषणा की है। छिंदवाड़ा जिला इकाई के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार ओमप्रकाश ‘नयन’ को सम्मेलन की सर्वाधिक सक्रिय इकाई श्रेणी में इस सम्मान के लिए चुना गया है। उनके साथ नरसिंहपुर, देवास और दमोह जिले के साहित्यकारों को भी विभिन्न साहित्यिक विधाओं में सम्मानित किया जाएगा।चयनित साहित्यकारों को 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को भोपाल में प्रस्तावित ‘शब्द उत्सव 2026’ समारोह में सम्मान प्रदान किया जाएगा। सम्मान के तहत 5,100 रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किया जाएगा।
चार श्रेणियों में साहित्यकारों का चयनमध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष पलाश सुरजन ने बताया कि सम्मेलन की प्रबंधकारिणी समिति ने चार श्रेणियों में सम्मान देने का निर्णय लिया है।- कविता विधा: नरसिंहपुर जिला इकाई के सचिव आनंद नेमा।- कथेतर गद्य विधा: देवास जिला इकाई के अध्यक्ष मनीष शर्मा।- गीत-गजल विधा: दमोह जिला इकाई के सचिव मानव बजाज।- सर्वाधिक सक्रिय इकाई: छिंदवाड़ा जिला इकाई के अध्यक्ष ओमप्रकाश ‘नयन’।साहित्यिक योगदान और सक्रियता का सम्मानप्रदेश अध्यक्ष पलाश सुरजन के अनुसार, मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन की प्रदेश में 25 जिलों और तहसीलों में इकाइयां संचालित हैं। इन इकाइयों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य सम्मेलन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। साहित्यकारों के सृजन, परिश्रम और संगठन के प्रति समर्पण को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘मणिदीप सृजन सम्मान’ की शुरुआत की गई है।
यह सम्मान देशबंधु पत्र समूह के निदेशक तथा जबलपुर और सतना संस्करण के पूर्व संपादक स्वर्गीय दीपक सुरजन और उनकी पत्नी स्वर्गीय मणि सुरजन की स्मृति में स्थापित किया गया है। इसे उनकी पुत्री कृति थेपड़े और पुत्र आभास सुरजन प्रायोजित कर रहे हैं।ओमप्रकाश ‘नयन’ ने साथियों को दिया सम्मान का श्रेयछिंदवाड़ा जिला इकाई के अध्यक्ष ओमप्रकाश ‘नयन’ ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमेंद्र कुमार राय, जिला इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष रोहित रूसिया, सचिव शैफाली शर्मा, प्रचार सचिव राकेश राज, दिनेश भट्ट, राजकुमार चौहान सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को दिया है।
शैफाली शर्मा और अंजुमन मंसूरी को मिलेगा वागीश्वरी सम्मान‘शब्द उत्सव 2026’ समारोह में छिंदवाड़ा जिला इकाई की सचिव शैफाली शर्मा और कार्यकारिणी सदस्य अंजुमन मंसूरी ‘आरजू’ को भी प्रदेश के ‘वागीश्वरी सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।छिंदवाड़ा के साहित्यकारों और हिंदी साहित्य सम्मेलन की जिला इकाई के लिए यह उपलब्धि साहित्यिक गतिविधियों और रचनात्मक योगदान को नई पहचान देने वाली है।















