सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। इस्कॉन छिंदवाड़ा द्वारा आगामी 16 जुलाई (गुरुवार) को भगवान श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा दोपहर 2:00 बजे गांधीगंज से प्रारंभ होकर ओवर ब्रिज, तिलक मार्केट, मानसरोवर कॉम्प्लेक्स, फव्वारा चौक और सत्कार तिराहा होते हुए पूजा लॉन पहुंचेगी, जहां शाम 7:00 बजे महाआरती एवं छप्पन भोग के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
इस वर्ष रथयात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण 35 फीट ऊंचा और 22 फीट चौड़ा हाइड्रोलिक ऑटोमैटिक रथ रहेगा, जिसका निर्माण विशेष रूप से छिंदवाड़ा की रथयात्रा के लिए कराया गया है।आयोजकों के अनुसार रथयात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए ऑनलाइन अभियान, पंपलेट और अन्य माध्यमों से लगभग 50 हजार नागरिकों तक पहुंच बनाई गई है। इस भव्य आयोजन में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था भी की गई है।रथयात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के मनोहारी विग्रह, आकर्षक रथ, हरिनाम संकीर्तन, भक्तिमय नृत्य तथा देश-विदेश से आए भक्तों की सहभागिता श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण देखने को मिलेगा।आयोजकों ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं














