गश्ती दल की खबर लीक करने से लेकर ऑनलाइन वसूली तक के आरोप
जप्त रेत बेचने के आरोपों से घिरे कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं, अब सप्लायरों से कथित वसूली और विभागीय मुखबिरी के आरोपों ने बढ़ाई हलचल
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। जिले में खनिज विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। एक ओर विभाग द्वारा जप्त की गई रेत को कथित तौर पर चोरी-छिपे बेचने के मामले में विभाग से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठे थे, वहीं अब खनिज विभाग में लंबे समय से चल रहे कथित ‘एंट्री’ और ऑनलाइन वसूली के खेल की चर्चाएं सामने आ रही हैं। आरोप हैं कि विभागीय गश्ती दल की गतिविधियों और अधिकारियों के औचक निरीक्षण की जानकारी पहले ही कुछ मटेरियल सप्लायरों तक पहुंचा दी जाती है। इसके बदले हर महीने तय रकम लेने का कथित नेटवर्क सक्रिय है।
जप्त रेत बेचने के आरोप, कार्रवाई के बजाय कर्मचारियों पर मुखबिरी के आरोप कुछ समय पहले विभाग द्वारा जप्त की गई रेत की चोरी और बिक्री का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। इसके बाद विभाग ने जप्त रेत को उठवाकर चांद थाने में रखवाया था। इसी दौरान आरोप लगे कि रास्ते में ही दो डंपर रेत चोरी-छिपे बेच दी गई।बताया गया कि एक डंपर रेत चांद में टीवीएस शोरूम चांद के सामने बेची गई, जबकि दूसरी डंपर की रेत विभाग से जुड़े एक कर्मचारी द्वारा छिंदवाड़ा स्थित अपने घर पर खाली करवाई गई। इस मामले में खनिज निरीक्षक के वाहन चालक और एक डेली-बैजेस कर्मचारी की भूमिका पर सवाल उठे थे।हैरानी की बात यह है कि इन आरोपों के बावजूद संबंधित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आ रही है। विभाग के प्रमुख जिला खनिज अधिकारी ने दिखाबे के लिए दोनों कर्मचारियों को कुछ समय तक ऑफिस से दूर रखा था। दोनों कर्मचारी पर कार्रवाई आज तक नहीं हुई इनके हौसले बुलंद है ।

अब इन्हीं कर्मचारियों पर विभागीय गतिविधियों की जानकारी बाहर पहुंचाने और कथित एंट्री वसूली के नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

गश्ती दल की खबर पहले, सप्लायरों से वसूली बाद में?ताजा आरोपों के मुताबिक खनिज विभाग का गश्ती दल कहां कार्रवाई करने जा रहा है, किस क्षेत्र में औचक निरीक्षण होना है और किन वाहनों पर नजर रखी जा रही है, इसकी जानकारी कथित तौर पर पहले ही कुछ मटेरियल सप्लायरों तक पहुंच जाती है।आरोप है कि इस जानकारी के एवज में सप्लायरों से हर महीने ‘एंट्री’ के नाम पर रकम ली जाती है। कथित तौर पर इस पूरे खेल में विभागीय वाहन चालक और खाकी वर्दी पहनकर विभागीय कार्य करने वाले कुछ कर्मचारियों की भूमिका बताई जा रही है।
नकद नहीं, ऑनलाइन माध्यम से हो रहा कथित लेन-देन!
इस मामले का सबसे गंभीर पहलू कथित ऑनलाइन भुगतान है। दावा किया जा रहा है कि विभागीय वाहन चालक द्वारा ऑनलाइन माध्यम से रकम प्राप्त किए जाने के स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच होने पर कथित लेन-देन और संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकती है।
“अब जांच के घेरे में विभाग की कार्यप्रणाली एक तरफ जप्त रेत की कथित बिक्री का मामला, दूसरी तरफ सप्लायरों से एंट्री के नाम पर ऑनलाइन रकम लेने के आरोप और तीसरी तरफ विभागीय गश्ती दल की जानकारी लीक होने की चर्चाएं खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि जप्त रेत की बिक्री के आरोपों में संबंधित कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध थी, तो अब तक विभागीय स्तर पर क्या जांच हुई? क्या उन कर्मचारियों को क्लीन चिट दे दी गई है? क्या गश्ती दल की गतिविधियों की जानकारी सप्लायरों तक पहुंचाने का कोई संगठित तंत्र काम कर रहा है? और यदि ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट उपलब्ध हैं, तो उनकी जांच क्यों नहीं कराई जा रही?खनिज संपदा की सुरक्षा और अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने की जिम्मेदारी खनिज विभाग की है। ऐसे में विभाग से जुड़े कर्मचारियों पर ही यदि जप्त रेत की बिक्री, मुखबिरी और कथित वसूली के आरोप लग रहे हैं, तो इनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
अब देखना होगा कि खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए डिजिटल भुगतान के साक्ष्यों, जप्त रेत की बिक्री के आरोपों और विभागीय कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराते हैं या फिर कथित ‘एंट्री’ का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।















