कलेक्टर श्री नारायन के मार्गदर्शन में निःशुल्क विशेष शैक्षणिक पहल बनी सफलता की कुंजी, जिलेभर में खुशी की लहर
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/22 अप्रैल 2026/ जिले के शासकीय विद्यालयों ने जेईई-2026 (सत्र-2) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बड़ी सफलता अर्जित की है। सुनियोजित शैक्षणिक रणनीति, निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप जिले के 20 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई कर जिले को गौरवान्वित किया है।कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस.बघेल के निर्देशन में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान विद्यार्थियों के लिए विशेष तैयारी अभियान संचालित किया गया। इसके तहत नियमित ऑनलाइन-ऑफलाइन कक्षाएं, विषय विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन, सतत टेस्टिंग सिस्टम तथा अध्ययन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित जेईई-2026 (सत्र-2) का परीक्षा परिणाम बुधवार 22 अप्रैल 2026 को घोषित हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
इन विद्यार्थियों ने किया क्वालिफाई -जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों में जिले के बिछुआ विकासखंड से एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल सिंगारदीप के अजय उईके (68.68), शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बिछुआ के प्रहलाद सीलू (52.36) एवं चरणजीत उईके (61.84) शामिल हैं। तामिया विकासखंड से सांदीपनि विद्यालय तामिया के राहुल परतेती (58.76) एवं पृथ्वी कड़पे (75.57) तथा शासकीय उमावि बिजौरी के पीयूष गौरखेड़े (79.75) ने सफलता प्राप्त की है। जुन्नारदेव विकासखंड से शासकीय उमावि निमोटी की ऐशिका उईके (74.63), शासकीय बालक उमावि दमुआ के धीरज झारें (71.74) एवं शासकीय उमावि बिछुआकला की फूलवती धुर्वे (53.12) शामिल हैं। हर्रई विकासखंड से सांदीपनि विद्यालय हर्रई के दीपक उईके (58.37) ने सफलता अर्जित की है। मोहखेड़ विकासखंड से शासकीय उमावि तुर्कीखापा के विवेक भादे (87.88) एवं चित्रांश पहाड़े (64.74) तथा शासकीय उमावि लिंगा के हिमांशु सरेयाम (56.08) ने सफलता प्राप्त की। छिंदवाड़ा विकासखंड से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा के दिव्यांश मानेकर (65.42), चित्रांश राहुत (91.37) एवं नमन पन्द्राम (55.62) ने जिले का नाम रोशन किया। इसी तरह पांढुर्णा विकासखंड से शासकीय उमावि तिगांव की नोसिया खान (78.13) एवं सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा के सागर यशवंत कवडेती (59.85) और सौंसर विकासखंड से सांदीपनि विद्यालय सौंसर की समीक्षा पाटील (76.65) एवं हितांशु मर्सकोले (77.55) शामिल हैं।इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस. बघेल ने सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, प्राचार्यों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिले के शासकीय विद्यालयों की यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावी शैक्षणिक प्रबंधन एवं प्रशासनिक मार्गदर्शन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है, जिसने पूरे जिले में गौरव का वातावरण निर्मित कर दिया है।















