श्री राम मंदिर में शस्त्र प्रदर्शन और मटकी फोड़ रहे मुख्य आकर्षण
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। शहर के हृदय स्थल स्थित श्री राम मंदिर में श्री सत्य धर्म मंडल राम मंदिर ट्रस्ट एवं स्वर्णकार समाज सेवा समिति छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आज, शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सत्यधर्म मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री मुकुल सोनी ने बताया कि जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दिनभर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण (झंडा वंदन) के साथ कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ हुआ, जिसके पश्चात प्रातः 11 बजे भगवान श्री कृष्ण जी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत महाअभिषेक किया गया। संध्या गोधूली बेला के समय भगवान श्री कृष्ण जी का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें नवीन मनमोहक वस्त्र धारण कराए गए, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। रात्रिकालीन आयोजनों के संबंध में ट्रस्ट के सचिव श्री सतीश दुबे (लालाजी) ने बताया कि रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक श्री गप्तू उस्ताद बड़ी माता व्यायामशाला के बाल-बालिकाओं द्वारा साहसिक एवं अनुशासित शस्त्र कला का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात रात्रि 10 बजे से सत्य धर्म रामायण संकीर्तन मंडल द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। रात्रि 10:30 बजे भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जो पूरे समारोह का मुख्य आकर्षण रही। अंत में मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्री कृष्ण जी के प्राकट्य (जन्मोत्सव) के साथ ही पूरा मंदिर परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘हथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। श्रीसत्य धर्म मंडल राम मंदिर ट्रस्ट छिंदवाड़ा एवं स्वर्णकार समाज सेवा समिति ने जन्माष्टमी महामहोत्सव में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने और धर्म लाभ अर्जित करने वाले समस्त नगरवासियों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों एवं युवाओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
जन्माष्टमी का पावन पर्व अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक : बंटी विवेक साहू,श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता के कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद,रेलवे स्टेशन स्थित श्री दादाजी धूनीवाले मंदिर प्रांगण में गुरूवार की रात हुआ भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजनमटकी फोड़ प्रतियोगिता में रेनी धाम फाइटर्स ने जीता प्रथम पुरस्कार
छिंदवाड़ा। जन्माष्टमी का पावन पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, प्रेम, भक्ति और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। नंदलाल की बाल लीलाएं, माखन-मिश्री का भोग, झूला और भक्ति से सजा यह उत्सव हर भक्त के मन में आनंद भर देता है। यहा बात सांसद बंटी विवेक साहू ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर 3 सितंबर गुरुवार की रात को रेलवे स्टेशन स्थित श्री दादाजी धूनीवाले मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल मटकी फोड़ प्रतियोगिता के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस शुभ अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बंटी विवेक साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई भी दी साथ ही भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की है कि वे सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि लाते हुए सभी पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखें।
उल्लेखनीय है कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर 3 सितंबर गुरुवार की रात को रेलवे स्टेशन स्थित श्री दादाजी धूनीवाले मंदिर प्रांगण में विशाल मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा धर्मटेकरी नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दी। दही-हांडी प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जिसके चलते मटकी फोड़ने के लिए रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता में रेनी धाम फाइटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और 51 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं केएनजी ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 21 हजार रुपये का पुरस्कार हासिल किया। कार्यक्रम के आयोजन सौरभ ठाकुर ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, उत्साह और हमारी सनातन परंपराओं के प्रति आस्था को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर दौलत सिंग, महापौर विक्रम अहके, दीनदयाल मोहने, विजय पांडे, मनोज सक्सेना, मनोज कुशवाह, गरिमा दामोदर, अंकुर शुक्ला, नवीन वारस्कर, लीला बिजोलिया, राजू नरोटे, टीकाराम चंद्रवंशी सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद बंटी विवेक साहू
छिंदवाड़ा। महाविद्या साधक परिवार के द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन पूजा शिवी लॉन छिंदवाड़ा में किया गया। इस दो दिवसीय महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। उक्त कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने गुरु माता डॉ. माताजी सुदर्शन साधना के पावन दर्शन करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सांसद श्री साहू ने कहा कि गुरु माताजी के सानिध्य में यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का अनुभव कराने वाला रहा है। इस अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की है कि वे सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और हम सभी को सत्य, धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागी होकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके, सांसद प्रतिनिधि अलकेश लांबा, राजु नरोटे सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महाविद्या साधक परिवार के श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
सांसद बंटी विवेक साहू ने जिला गौली समाज को दी 20 लाख के सामाजिक भवन की सौगात,जन्माष्टमी के अवसर पर जिला गौली समाज छिंदवाड़ा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद
छिंदवाड़ा। जिला गौली समाज छिंदवाड़ा द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शहर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया मुख्य कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेड ऑफिस के सामने वाले ग्राउंड में किया गया। उक्त कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हुए जिला गौली समाज के निवेदन पर सामाजिक भवन के लिए सांसद निधि से 20 लाख रूपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने सर्वप्रथम यदुवंशम शिरोमणी भगवान श्री कृष्ण को नमन करते हुए कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, उत्साह और हमारी सनातन परंपराओं के प्रति आस्था को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि नंदलाल की बाल लीलाएं, माखन-मिश्री का भोग, झूला और भक्ति से सजा यह उत्सव हर भक्त के मन में आनंद भर देता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई भी दी साथ ही भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की है कि वे सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि लाते हुए सभी पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखें। इस दौरान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक सोहन बाल्मिक, सुनील उइके, निलेश उइके, गौली समाज के जिला अध्यक्ष विनोद यदुवंशी, गौली समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष टीकाराम चंद्रवंशी, महापौर विक्रम अहके, भाजपा जिला महामंत्री विजय पाण्डे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, राजू नंदवंशी, संतकुमार यदुवंशी सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गौली समाज के सामाजिकजन उपस्थित थे।
*सिंधी समाज ने मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव*
छिंदवाड़ा। श्री पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में सिंधु भवन में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूरा आयोजन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में नन्हे बाल गोपालों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित समाज जनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

श्री पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष डॉ हरजानी ने बताया कि श्री कृष्ण जी के संदेश नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किए जिसमें सोशल मीडिया के संतुलित प्रयोग तथा नशे की आदत से बचने का संदेश दिया गया।समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में परिवार सहित उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां धूमधाम से मनाईं। आयोजन ने समाज में धार्मिक आस्था, आपसी सद्भाव और एकता का संदेश दिया।भगवान श्री कृष्ण के भजनों और भक्ति भाव से मनाए गए इस आयोजन में सिंधु महिला समिति एवं सिंधी युवा समिति, छिंदवाड़ा के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।















