संबंधितों को व्यवस्थाएं सुधारने के दिये निर्देश
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा// जिले के विकासखंड चौरई में आज अपर कलेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह एवं एसडीएम चौरई श्री प्रभात मिश्रा द्वारा गेहूं खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चौरई के 13 खरीदी केंद्रों तथा चांद तहसील के 6 गेहूं उपार्जन केंद्रों का जायजा लिया गया।
इसके साथ ही चना खरीदी के अंतर्गत सेवा सहकारी समिति उमरिया ईसरा एवं भारद्वाज वेयरहाउस, लिखड़ी खटकर स्थित केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री सिंह ने केंद्र प्रभारियों को तौल कांटों की संख्या बढ़ाकर लगभग 6 करने, मजदूरों की संख्या बढ़ाने तथा किसानों के लिए पर्याप्त पेयजल एवं छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों की खरीदी संबंधी जानकारी के लिए विधिवत पंजी संधारण करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान लोटस वेयरहाउस हरदुआ में स्थित उपार्जन केंद्र समिति समसवाड़ा एवं समिति कपूरधा में हमालों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं पाई गई, जिससे किसानों को गेहूं तुलवाने में अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। इसी प्रकार समिति कपूरदा में भी हमालों की कमी के कारण खरीदी कार्य प्रभावित पाया गया और किसानों की उपज तौलने में अधिक समय लगने की समस्या सामने आई। उक्त अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए दोनों समितियों के प्रबंधकों एवं नोडल अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया तथा व्यवस्थाएं शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए गए।














