–भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हुये हमले को लेकर की कड़ी निंदा
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा:- देश, प्रदेश और जिले में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। सत्ता और शासन से मिली खुली छूट से अपराधी बेखौफ होकर अराजकता फैला रहे हैं।
बिगड़ी कानून व्यवस्था से सम्पूर्ण सामाजिक ताना-बाना छिन्न-भिन्न हो चुका है। समाज के पिछड़े, शोषित व दलित वर्ग को न्याय दिलाने के लिये निकाली गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भाजपा शासित असम राज्य में निरंतर हमले हो रहे हैं जिसकी खिलाफत करते हुये आज शहर कांग्रेस कमेटी ने स्थानीय फव्वारा चौक पर धरना प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रस्तुत किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुरा राज्य से विगत 14 जनवरी को प्रारम्भ हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर, नागालैंड व अरूणाचल प्रदेश की सफलतापूर्वक यात्रा कर असम राज्य में प्रवेश करते ही वहां की भाजपा सरकार के द्वारा सुनियोजित ढंग से यात्रा पर निरंतर हमले कराये जा रहे हैं जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हुये हैं साथ ही अनेक नेता घायल भी हुये हैं। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा के इशारों पर राहुल गांधी को मंदिर में प्रवेश करने से रोका गया। असम के भ्रष्ट मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा द्वारा शांतिपूर्ण यात्रा को बाधित करने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। न्याय यात्रा के बैनर और पोस्टर भी फाड़े जा चुके हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने सम्बोधित करते हुये कहा कि श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर भाजपा के कार्यकर्ताओं के द्वारा हमला किया गया जिससे वे घायल हो गये। असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर भाजपा समर्थित उपद्रवियों, गुण्डो द्वारा न्याय यात्रा पर हमला किया गया है यह उनकी हताशा व निराशा के अलावा और कुछ नहीं है। भाजपा यह जान लें कि कांग्रेस ऐसे हमलों से डरने वाली नहीं है हर हमले का जवाब देने के लिये तैयार हैं। जनता के लिये न्याय की लड़ाई कांग्रेस निरंतर लड़ेगी।
धरना स्थल फव्वारा चौक पर पहुंची नायब तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से शहर कांग्रेस कमेटी ने महामहिम राष्ट्रपति से आग्रह किया कि असम के मुख्यमंत्री द्वारा प्रशासनिक विफलताओं और भ्रष्टाचार को छिपाने तथा भारत जोड़ो न्याय यात्रा की सफलता से घबराकर इस तरह के हमले किये जा रहे हैं। अत: शहर कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा, म.प्र. के समस्त कांग्रेसजन विनम्रता पूर्वक आग्रह करते हैं कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमला करने वालों एवं असम राज्य की भाजपा सरकार के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करें ताकी ऐसी घटनायें ना दोहराई जा सकें। आयोजित धरना प्रदर्शन व ज्ञापन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गंगाप्रसाद तिवारी भी उपस्थित रहे। आयोजित धरना प्रदर्शन को शहर कांग्रेस समन्वयक आनंद बक्षी, मनीष पांडे, सुरेश कपाले, नितिन उपाध्याय, मनीषा पाल, रानू डेहरिया ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रबल सक्सेना व आभार प्रदर्शन शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव के द्वारा किया गया। आयोजित धरना प्रदर्शन में कांग्रेस पार्षद दल के नेता पंडित राम शर्मा, राजू तिवारी, नरेश साहू, फिरोज खान, मंजू बैस, प्रमोद शर्मा, चन्द्रभान देवरे, टिंकू राय, सचिन वानखेड़े, मुकेश उपाध्याय, अर्जुन बघेल, शैलेश दीक्षित, अर्पित नायक, अलकेश कोहले, आरिफ ठाकुर, अभिषेक गुप्ता गुंजन शुक्ला, अविनाश साहू, तरूण कराड़े, विजय पाटिल, राहुल मालवी, संतोषी गजभिये, रेणु तिवारी, नन्दा ठाकरे, गुंजन शुक्ला, जितेन्द्र चौहान, रानू सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
—————————
कांग्रेस ने स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती मनाई
छिन्दवाड़ा:- अंग्रेजों की गुलामी से देश को आजाद कराने के लिये संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर कांग्रेस ने उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय फव्वारा चौक पर कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके कृतित्व व व्यक्तित्व को याद किया।कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्थानीय छोटा तालाब स्थित सुभाष पार्क पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया। दोनों ही कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
———————-
नकुल-कमलनाथ की सार्थक पहल, रोजगार से जुड़ा युवा
छिन्दवाड़ा:- प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ एवं जिले के सांसद श्री नकुलनाथ के प्रयत्नों से युवा नि:शुल्क कोचिंग व शिक्षा प्राप्त कर रोजगार से जुड़ रहे हैं। नेताद्वय की रोजगारोन्मुखी यात्रा सतत जारी है। इसी क्रम में आज जिले के चांदामेटा वार्ड क्रमांक चार निवासी एक शिक्षित युवा को स्थानीय राजीव कांग्रेस भवन से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। श्री कमलनाथ व श्री नकुलनाथ के प्रयासों से चांदामेटा निवासी रामचरण चौधरी को बड़कुही स्थित आइएफबी कॉल सेन्टर में रोजगार प्राप्त हुआ है। कांग्रेस भवन से जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गंगाप्रसाद तिवारी व नितिन उपाध्याय ने रामचरण चौधरी को नियुक्ति पत्र प्रदान कर श्री कमलनाथ व श्री नकुलनाथ की ओर से उज्जवल भविष्य की कामना की। रोजगार से जुड़े रामचरण ने पूर्व सीएम श्री कमलनाथ व सांसद श्री नकुलनाथ का हृदय से आभार माना है।