Home CRIME विवाहिता से दुराचार के आरोप में तीन युवक हिरासत में

विवाहिता से दुराचार के आरोप में तीन युवक हिरासत में

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

पीड़िता के बयान के बाद सामने आईं अलग-अलग घटनाएं, सौसर और लोधीखेड़ा पुलिस कर रही जांच

सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा :- सौसर क्षेत्र में विवाहिता से दुराचार के आरोप से जुड़ा मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला के साथ अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों द्वारा दुराचार किए जाने की शिकायत सामने आई है। पीड़िता की शिकायत के बाद सौसर और लोधीखेड़ा पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।बताया जाता है कि विवाहिता अपने पति के घर से अचानक चली कही गई थी। इसके बाद पति की शिकायत पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। महिला के मिलने के बाद पुलिस द्वारा उसके बयान लिए गए, जिसमें उसने अपने साथ अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं की जानकारी दी। इसके बाद मामले की गंभीरता सामने आई और संबंधित थाना क्षेत्रों में कार्रवाई शुरू की गई।

दो थानों से अलग-अलग कार्यवाही प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सौसर थाना क्षेत्र में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की जानकारी मिल है, जबकि लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र की पीपला चौकी में पीपला नारायणवार निवासी एक युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। सौसर थाना प्रभारी रूपलाल उइके ने मामले में जांच जारी होने की बात कही है। वहीं लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने प्रकरण दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पीपला क्षेत्र का रहने वाला है और घटनास्थल छिंदवानी बताया गया है।

उन्होंने प्रकरण से संबंधित केस डायरी पीपला पुलिस चौकी भेजे जाने की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही मामले की विस्तृत स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।गंभीर मामले में पुलिस की चुप्पी पर सवाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से जानकारी सार्वजनिक नहीं किए जाने से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। सामान्य तौर पर दुराचार के मामलों में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए पुलिस कार्रवाई और प्रकरण से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराती है। ऐसे में इस मामले में पुलिस द्वारा विस्तृत जानकारी देने से बचने को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद परिहार और एएसपी मनकामना प्रसाद सौसर थाने में चोरी के एक मामले का खुलासा करने पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय मीडिया द्वारा विवाहिता से जुड़े प्रकरण को लेकर सवाल किए जाने पर अधिकारियों ने मामले में विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया।

संवेदनशील धार्मिक स्थान से जुड़ी चर्चा सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि प्रकरण में सामने आया एक घटना स्थल अति संवेदनशील स्थान के नजदीक बताया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। क्षेत्र में आरोपियों के कथित रूप से धार्मिक स्थल से संबंधों को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। ऐसे में आरोपियों के संबंध में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक है। फिलहाल पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें