6 आरोपी गिरफ्तारपति की बीमारी ठीक करने का झांसा देकर पहले ऐंठे 5 हजार रुपये, फिर महिला को अचेत कर मंगलसूत्र लूटा; रेमण्ड चौक के पास पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर पकड़ा
सतपुड़ा एक्सप्रेस सौंसर। आस्था और विश्वास की आड़ में ठगी और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह का सौंसर एवं लोधीखेड़ा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साधु-बाबा का भेष धारण कर ग्रामीणों को निशाना बनाने वाले गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भभूत और संदिग्ध पाउडर का इस्तेमाल कर एक महिला को कथित रूप से बेहोश कर दिया और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए थे।
पति की बीमारी ठीक करने का दिया झांसा जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ग्राम उटेकाटा निवासी संतोष गुर्वे के घर कुछ लोग साधु-बाबा के भेष में पहुंचे। उन्होंने आवाज देकर महिला को बाहर बुलाया और उसके पति की गंभीर बीमारी को पूरी तरह ठीक करने का झांसा दिया। इस बहाने आरोपियों ने महिला से 5 हजार रुपये ऐंठ लिए।कुछ देर बाद दो अन्य बाबा भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने महिला को अपने पास बैठाकर हाथ देखने का नाटक किया और उसके सिर, माथे तथा चेहरे पर संदिग्ध पाउडर लगा दिया। इसके प्रभाव से महिला की आवाज बंद हो गई और वह अचेत अवस्था में पहुंच गई। इसी दौरान एक आरोपी ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र दांत से काटकर छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तेज रफ्तार कार से मौके से फरार हो गए।होश आने पर महिला को अपने साथ हुई ठगी और लूट का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रेमण्ड चौक के पास फिल्मी अंदाज में घेराबंदी दिनदहाड़े हुई वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के मार्गदर्शन में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित की गई। साइबर सेल और थाना पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वारदात के बाद छिंदवाड़ा की ओर भागे हैं। खुटामा के पास रास्ता बदलकर ग्रामीण मार्ग से सावनेर की तरफ जाने की उनकी योजना थी।पुलिस टीम ने आरोपियों का लगातार पीछा किया और रेमण्ड चौक के पास घेराबंदी कर उनकी कार क्रमांक MP 20 CL 365 को रोक लिया। कार में सवार सभी छह आरोपियों को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई गई है—1. रवि गिरी (33 वर्ष), ग्राम मोदहा, उत्तर प्रदेश।2. रामकेश गिरी (45 वर्ष), समरवाड़ा, सतना।3. विकास गोस्वामी (25 वर्ष), समरवाड़ा, सतना।4. गोरख प्रसाद गोस्वामी (34 वर्ष), धनेह, सतना।5. बबलू उर्फ श्याम सखा गिरी (52 वर्ष), समरवाड़ा, सतना।6. आकाश (17 वर्ष), निवासी समरवाड़ा, सतना, वाहन चालक।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। मामले में बीएनएस की धारा 123 एवं 310(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।
अन्य जिलों में हुई वारदातों की भी होगी जांच पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने छिंदवाड़ा सहित मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों के कितने जिलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपलाल उईके, ए.बी. मर्सकोले, उपनिरीक्षक प्रहलाद बैरागी, सहायक उपनिरीक्षक घूरसिंह भलावी, प्रधान आरक्षक बृजकिशोर मालवीय, रामभरोसे ढोहरे तथा आरक्षक कमलनाथ पवार एवं अखिलेश हिंगवे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साधु-संत या अन्य किसी भी वेश में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।















