सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा/। मिलावट से मुक्ति अभियान और दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की जांच और नमूना लेने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में तामिया स्थित अनिल किराना से लिए गए पतंजलि काउज घी 200 एमएल के नमूने को प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित घोषित किया गया है।
10 अगस्त को लिया गया था घी का नमूना,खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच टीम ने 10 अगस्त 2026 को अनिल किराना, तामिया से पतंजलि काउज घी 200 एमएल का नमूना लिया था। संबंधित उत्पाद का बैच नंबर FAWB260017 है और इसकी पैकिंग अप्रैल 2026 की बताई गई है।
प्रयोगशाला जांच में नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल के नियंत्रक ने 8 अक्टूबर को संबंधित बैच के उत्पाद को बाजार से तत्काल वापस लेने के निर्देश जारी किए हैं।मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी होगा रिकॉलनिर्देश के अनुसार बैच नंबर FAWB260017 वाले पतंजलि काउज घी 200 एमएल को छिंदवाड़ा जिले के साथ-साथ पूरे मध्यप्रदेश और जहां-जहां इसका विक्रय हुआ है, वहां से वापस लिया जाएगा।उत्पाद की रिकॉल कार्रवाई संबंधित निर्माता फर्म पतंजलि फूड्स लिमिटेड, अहमदनगर, महाराष्ट्र द्वारा की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग रखेगा निगरानी,उत्पाद को बाजार से वापस लेने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छिंदवाड़ा द्वारा की जाएगी। साथ ही आवश्यक कार्रवाई के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन महाराष्ट्र के आयुक्त और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), नई दिल्ली को भी पत्र भेजा गया है।
उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण: यदि किसी के पास बैच नंबर FAWB260017 वाला पतंजलि काउज घी 200 एमएल पैक उपलब्ध है, तो उसे इस्तेमाल करने के बजाय संबंधित विक्रेता अथवा खाद्य सुरक्षा विभाग के निर्देशों का पालन करना उचित होगा।















