सतपुड़ा एक्सप्रेस अमरवाड़ा: नगर पालिका परिषद अमरवाड़ा परिसर में सोमवार को नगर के सभी वार्डों का सामूहिक ‘आंगन मिलन समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, योजनाओं से जोड़ना तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह ने महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि “आंगनबाड़ी केवल एक केंद्र नहीं, बल्कि हमारे बच्चों के भविष्य की पहली पाठशाला है। यह माताओं का सहारा है और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।”
विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार योजना बनाती है और संबंधित विभाग योजनाओं को जमीन पर लागू करता है, लेकिन किसी भी योजना की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब उसका लाभ पात्र व्यक्ति और अंतिम परिवार तक पहुंचे। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण आहार, टीकाकरण एवं प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की दिशा में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार और आम परिवारों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
विधायक शाह ने लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा हैं
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं बच्चों को लड्डू, मिठाई, केले, कॉपी-पुस्तक सहित अन्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं से योजनाओं के लाभ को लेकर संवाद भी किया गया तथा उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।















