Home CRIME यूपी से खरीदी पिस्टल, हथियार लेकर घूमते देहात पुलिस ने दबोचा

यूपी से खरीदी पिस्टल, हथियार लेकर घूमते देहात पुलिस ने दबोचा

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहात पुलिस ने पोआमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कार में बैठकर हथियार और कारतूस लेकर घूम रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक छर्रे वाली पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियारों के साथ इस्तेमाल की जा रही सफेद कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को सूचना मिली थी कि पोआमा पानी टंकी के पास एक कार में दो युवक हथियार लेकर बैठे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार में बैठे दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया हथियार खरीदने का कनेक्शन पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से 55 हजार रुपए में पिस्टल और कारतूस खरीदना बताया है। अब पुलिस हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पिता तिमाजी मर्सकोले (25), निवासी कुकड़ीखापा, हाल गुलाबरा और मिथुन पिता रामाजी उइके (31), निवासी उसरिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ देहात, कुण्डीपुरा, मोहखेड़ और कोतवाली थानों में पूर्व से अपराध दर्ज हैं।पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 3(5) बीएनएस तथा 25(1-क, क) और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें