Home CITY NEWS मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान हर्रई पहुंचे कलेक्टर ,अधीक्षक और बीआरसी को नोटिस

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान हर्रई पहुंचे कलेक्टर ,अधीक्षक और बीआरसी को नोटिस

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजासांदीपनि विद्यालय में अमरवाड़ा विधायक श्री शाह एवं कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी ग्रामीणों की समस्यायें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/27 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शासकीय सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत गुरुवार को जिले के सभी जिला अधिकारी फील्ड में पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अभियान के तहत ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा मौके पर ही निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जानी थीं, लेकिन शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व होने के कारण यह गतिविधि गुरुवार को आयोजित की गई।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की टीम विकासखंड हर्रई पहुंची। कलेक्टर श्री नारायन ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध जन सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थाओं के दैनिक संचालन, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा अभिलेखों के संधारण की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी केंद्र बसुरिया खुर्द का निरीक्षण – कलेक्टर श्री नारायन ने ग्राम पंचायत बसुरिया खुर्द स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में उपस्थित छोटे बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की तथा उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान बच्चों की गतिविधियों में रुचि लेते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने बच्चों को ड्राइंग शीट एवं ड्राइंग पेन उपहार स्वरूप भेंट किए।

प्राथमिक शाला बसुरिया कला का किया निरीक्षण – कलेक्टर श्री नारायन ने शासकीय प्राथमिक शाला बसुरिया का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और पानी की व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई एवं निगरानी में लापरवाही पाए जाने पर हर्रई बीआरसी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री नारायन ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि भोजन करने से पहले साबुन से हाथ अवश्य धोएं तथा वॉशरूम से आने के बाद भी हाथों को अच्छी तरह साफ करें।

सिविल अस्पताल हर्रई का निरीक्षण – कलेक्टर श्री नारायन ने सिविल अस्पताल हर्रई का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।

उत्कृष्ट बालक छात्रावास हर्रई का किया निरीक्षण- कलेक्टर श्री नारायन ने शासकीय उत्कृष्ट बालक छात्रावास हर्रई का भी निरीक्षण किया। छात्रावास परिसर में झाड़ियां एवं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों के रहने एवं सोने की व्यवस्था, भोजन व्यवस्था सहित छात्रावास की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर छात्रावास अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सांदीपनि विद्यालय हर्रई में लगाया गया जनविश्वास अभियान शिविर – विभिन्न संस्थाओं के निरीक्षण के उपरांत सांदीपनि विद्यालय, हर्रई में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह एवं कलेक्टर श्री नारायन द्वारा ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गई। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से प्राप्त समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करते हुए शासकीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील एवं जन-केंद्रित बनाना है। इस दौरान एसडीएम अमरवाड़ा श्री हेमकरण धुर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें