बिजली बिल से लेकर गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के दामों पर सरकार को घेरा
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन कर केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार को घेरा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर, रसोई गैस, बिजली के बढ़ते बिल, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और E20 ईंधन को लेकर विरोध जताया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर अलग-अलग जिलों में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार से आम जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन , छिंदवाड़ा कांग्रेस की ओर से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए तत्काल निर्णय लेने और जनता को राहत देने की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बिजली की बढ़ी हुई दरों से घरेलू उपभोक्ताओं, छोटे-बड़े उद्योगों और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।कांग्रेस ने बिजली की बढ़ी दरों को कम करने के साथ ही रसोई गैस सिलेंडरों की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की, ताकि आम परिवारों के बिगड़े बजट को राहत मिल सके।
शक्कर के बढ़ते दाम पर भी कांग्रेस ने जताई नाराजगी,ज्ञापन में त्योहारों से पहले शक्कर सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शक्कर के दाम बढ़ने से आम परिवारों की रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान शक्कर को प्रतीकात्मक मुद्दा बनाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पेट्रोल-डीजल और E20 को लेकर भी सरकार पर निशाना,कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों और पेट्रोल में E20 मिश्रण को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि ईंधन की बढ़ती लागत का सीधा असर वाहन चालकों, छोटे कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने के साथ ही E20 मिश्रण से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
कांग्रेस ने कहा—आम जनता के बजट पर बढ़ रहा बोझप्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में पोस्टर और पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बिजली, गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे आम परिवारों की आय और खर्च के संतुलन पर पड़ रहा है।कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, बिजली की बढ़ी दरों में राहत देने, रसोई गैस की कीमत कम करने तथा पेट्रोल-डीजल के दामों में कमी करने की मांग की है।प्रदेशभर में कांग्रेस के इस आंदोलन के दौरान महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।















