सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा– चौरई वृत्त के आबकारी अमले ने सिवनी के तस्कर से देशी विदेशी शराब सहित एक दुपहिया बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। आबकारी अमले ने दो शराब तस्कर को पकड़ कर उसके कब्जे से तीन सौ एक पाव देशी मसाला मदिरा, पैंतालीस पाव विदेशी मदिरा व्हिस्की और एक दुपहिया वाहन जप्त किया है। उक्त सफलता कलेक्टर हरेन्द्र नारायण के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में मिली। रविवार की देर रात हलाल-चौरई-कुकरई तिराहा के समीप कुकरई मार्ग पर एक दुपहिया वाहन में सवार दो व्यक्तियों को जैसे ही रोका गया दोनों व्यक्ति वाहन रोककर भागने लगे, जिसमें से एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया जबकि दूसरे व्यक्ति को घेरा बंदी कर पकड़ लिया गया । गवाहों के समक्ष वाहन की तलाशी ली गई तो वाहन से दो नायलॉन के थैलो में भरी हुई कुल 62.28 बल्क लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद की गई। शराब का अवैध परिवहन कर रहे सिवनी ललमटिया निवासी संदीप पटले को मौके से गिरफ्तार किया गया है जबकि ललमटिया निवासी राकेश राजपूत अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1) क, 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी संदीप द्वारा बताया गया कि शराब कहां से लाई गई और कहाँ छोड़ी जानी थी यह केवल फरार आरोपी राकेश राजपूत को पता है। जप्त मदिरा तथा वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग साठ हज़ार है । इस कार्यवाही के दौरान वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, प्रधान आरक्षक राजकुमार यदुवंशी और आरक्षक भारती मरकाम उपस्थित रहे।















