सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा सीमा क्षेत्रान्तर्गत विकास कार्यों की समीक्षा, जनशिकायतों के त्वरित निराकरण एवं नागरिक सुविधाओं को सुचारू बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को निगम सभाकक्ष में नगर निगम आयुक्त श्री चंद्र प्रकाश राय की अध्यक्षता में ‘समय-सीमा’ (TL) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने हेतु आयुक्त ने जल विभाग के उपयंत्रियों को सख्त निर्देश दिए कि पाइपलाइन में सीधे टुल्लू पंप या मोटर लगाने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए, क्योंकि नलों में सीधे मोटर लगाना अपराध की श्रेणी में आता है। आयुक्त ने कहा कि नागरिक घर के परिसरों में अंडर ग्राउंड टैंक बनाए एवं उससे पानी का उपयोग करें। इसके साथ ही वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए पक्की सड़कों पर बने गड्ढों को तत्काल चिन्हित कर पेंचवर्क कराने तथा जनहानि की संभावना वाले जर्जर भवनों को प्राथमिकता पर ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए।बैठक में शासन के निर्देशानुसार दिनांक 07 अगस्त 2026 से 07 जनवरी 2027 तक संचालित किए जाने वाले ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिसके अंतर्गत निगम आयुक्त ने निकाय क्षेत्र के लिए प्रभावी एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जन आकांक्षा और सीपी ग्राम्स के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का समाधान तीन दिवस के भीतर सुनिश्चित करने तथा सांसद एवं विधायक निधि के लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े को रोकने की जिम्मेदारी सेनेटरी इंस्पेक्टरों को सौंपी गई, वहीं मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु डेंगू और मलेरिया रोधी दवाओं के तत्काल छिड़काव के आदेश दिए गए।
इसके अतिरिक्त संबल योजना, अनुग्रह सहायता, भवन नामांतरण प्रकरणों के त्वरित निराकरण, प्रधानमंत्री मानधन पेंशन योजना का दायरा बढ़ाने तथा व्यावसायिक क्षेत्रों में कचरा संग्रहण के समय का पुनः निर्धारण करने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में आयुक्त सीपी राय के साथ उपायुक्त कमलेश निरगुड़कर, सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।















