Home CITY NEWS एवीजे एग्रिको में पांच श्रमिकों को कम वेतन देने की पुष्टि, 7,020...

एवीजे एग्रिको में पांच श्रमिकों को कम वेतन देने की पुष्टि, 7,020 रुपए का भुगतान करने के निर्देश

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

*श्रम निरीक्षक के निरीक्षण में खुली पोल, ठेकेदारों से वेतन और हाजिरी के रिकॉर्ड तलब; कंपनी की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।बोरगांव स्थित एवीजे एग्रिको प्राइवेट लिमिटेड में श्रमिकों को न्यूनतम वेतन से कम भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है। श्रमिकों की शिकायत पर श्रम विभाग के निरीक्षण में पांच श्रमिकों को निर्धारित दर से कम मजदूरी दिए जाने की पुष्टि हुई है। इस पर श्रम विभाग ने संबंधित ठेकेदारों को पांचों श्रमिकों की कुल 7,020 रुपए की वेतन अंतर राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। वहीं वेतन भुगतान और उपस्थिति से जुड़े दस्तावेज भी तलब किए गए हैं।

श्रम निरीक्षक सरिता साहू ने संस्थान पहुंचकर श्रमिकों और ठेकेदारों से पूछताछ की। इस दौरान पांच श्रमिकों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन 450 रुपए मजदूरी दी जा रही है, जबकि निर्धारित दर 478 रुपए प्रतिदिन बताई गई। श्रमिकों ने वेतन से पीएफ की कटौती नहीं होने की जानकारी भी दी। वहीं अन्य श्रमिकों ने 478 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान मिलने की बात कही।*ठेकेदारों को रिकॉर्ड पेश करने के निर्देश*निरीक्षण में पांच श्रमिकों को कम वेतन दिए जाने की पुष्टि के बाद श्रम निरीक्षक ने संबंधित ठेकेदारों को वेतन रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर और हाजिरी कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज श्रम कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पांच श्रमिकों को कुल 7,020 रुपए की अंतर राशि का भुगतान करने को कहा गया है।*

कंपनी की निगरानी व्यवस्था पर सवाल*श्रम विभाग की कार्रवाई के बाद कंपनी में ठेकेदारों के माध्यम से कराए जा रहे कार्य और श्रमिकों के वेतन भुगतान की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि कंपनी परिसर में श्रमिकों को निर्धारित दर से कम भुगतान होता रहा तो इसकी जानकारी प्रबंधन को क्यों नहीं हुई? पीएफ कटौती को लेकर भी श्रमिकों की शिकायत के बाद स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अब ठेकेदारों से मांगे गए अभिलेखों और विभागीय जांच से भुगतान व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें