इस साल अब तक 752 मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को सौंपे, कुल कीमत 1.47 करोड़ रुपये से अधिक
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। दीपावली के शुभ अवसर पर छिंदवाड़ा पुलिस ने 151 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के बाद 26 लाख 58 हजार रुपये कीमत के 151 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर कार्रवाई की। टीम ने तकनीकी जांच के माध्यम से अलग-अलग स्थानों से 151 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।

गुरुवार 5 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम छिंदवाड़ा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए।इस साल 752 मोबाइल बरामद, कीमत 1.47 करोड़ रुपयेछिंदवाड़ा पुलिस की यह पहली उपलब्धि नहीं है। पुलिस द्वारा इस वर्ष पूर्व में भी गुम मोबाइल फोन की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 1 करोड़ 47 लाख 17 हजार रुपये कीमत के 752 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। दीपावली के अवसर पर 151 मोबाइल की नई खेप सौंपे जाने से पुलिस की इस मुहिम को एक और बड़ी सफलता मिली है।
मोबाइल वापस पाने वालों में शासकीय कर्मचारी, शिक्षक, निजी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी, बैंककर्मी, डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर, व्यापारी, दुकानदार, विद्यार्थी, ऑटो एवं ट्रैक्टर चालक, श्रमिक, गृहिणियां और किसान सहित विभिन्न वर्गों के नागरिक शामिल रहे।साइबर सेल की टीम को मिलेगा पुरस्कारमोबाइल फोन बरामद करने में साइबर सेल की निरीक्षक कंचन राजपूत, प्रधान आरक्षक नितिन सिंह तथा आरक्षक आदित्य रघुवंशी, अभिषेक ठाकुर, राहुल डडोरे, अंकित शर्मा, मोहित चन्द्रवंशी एवं हर्ष का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने साइबर सेल की टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं और साइबर अपराधों से बचाव ही साइबर सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।















