Home SPORTS सावरवानी के शुद्ध देसी घी और चोपना के मावे से महकेगा तामिया...

सावरवानी के शुद्ध देसी घी और चोपना के मावे से महकेगा तामिया सावन महोत्सव

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

पर्यटक खरीद सकेंगे घी-मावा, आदिवासी पेंटिंग, बांस से बनी कलात्मक वस्तुएं21 से 23 अगस्त तक चलेगा तामिया सावन महोत्सवपर्यटकों के लिए कई रोमांचकारी गतिविधियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/11 अगस्त 2026/ मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन अगस्त माह में तामिया सावन महोत्सव का आयोजन करने जा रहे हैं। इस महोत्सव का उद्देश्य छिंदवाड़ा में चल रहे ग्रामीण होम स्टे का प्रमोशन, पर्यटन विकास और स्थानीय पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना होगा। तामिया सावन महोत्सव 21 से 23 अगस्त 2026 तक चलेगा। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से होने वाले तामिया सावन महोत्सव में पर्यटकों के लिए सावन के झूले, आदिवासी आर्ट, हस्तशिल्प, हथकरघा की वस्तुओं की बिक्री, नेचर फोटोग्राफी प्रतियोगिता सहित अनेक प्रकार की गतिविधियां होंगी। यहां पर्यटकों के लिए पर्यटन ग्राम सावरवानी का शुद्ध देसी घी और पर्यटन ग्राम चोपना का स्वादिष्ट मावा भी बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।

सावन महोत्सव के लिए तामिया को विशेष तौर पर सजाया जाएगा और सभी ट्रेकिंग पाइंट पर सुरक्षा व स्वच्छता के लिए खास तैयारी होगी। सावन महोत्सव में देश के महानगरों से टूर ऑपरेटर भी सहभागिता करने आ रहे हैं, जो तामिया और आसपास के होम स्टे की खूबसूरती भी देखेंगे।

कलेक्टर हरेंद्र नारायन, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में तामिया सावन महोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी श्री बलराम राजपूत ने बताया कि 21 से 23 अगस्त 2026 तक होने वाले तीन दिवसीय तामिया सावन महोत्सव में स्थानीय नृत्य, लोककला और लोक संगीत को शामिल किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से सावन महोत्सव तामिया से सुप्रसिद्ध पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस के पास होगा। यहां पर्यटकों के खान-पान के लिए अनेक स्टाल लगाए जाएंगे। सावन में झूलों का महत्व होता है, यहां आने वाले पर्यटक झूलों का आनंद उठा सकेंगे। पर्यटकों को वल्चर पांइट, चीड़ पांइट, छोटा महादेव, ग्वालगढ़ पहाड़ी, तुलतुला पहाड़ की ट्रेकिंग गाइड द्वारा करवाई जाएगी। पर्यटकों को तामिया ब्लॉक के पर्यटन ग्रामों में संचालित होम स्टे तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। प्लास्टिक फ्री, जीरो वेस्ट रहेगा महोत्सव – कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार तामिया सावन महोत्सव को प्लास्टिक फ्री और जीरो वेस्ट बनाने के प्रयास होंगे। पूरे मेला क्षेत्र में डस्टबीन की व्यापक व्यवस्था होगी और वॉलेंटियर नजर रखेंगे। कचरा यहां-वहां फेंकने वालों पर जुर्माने का प्रावधान भी किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने प्लास्टिक का उपयोग न करने और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील सभी पर्यटकों से की है।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें