भक्तों के जनसहयोग में भक्ति-उपहार का महासंगम,मंदिर नवनिर्माण सहयोगियों को माँ का आशीर्वाद स्वरूप उपहार,
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा (म.प्र.) | दिनांक : 19 मई 2026जिले की प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर, लगभग 500 वर्षों से अधिक प्राचीन नगरशक्ति पीठ श्री बड़ी माता मंदिर के भव्य नवनिर्माण कार्य को जनसहयोग के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हो रहे इस मंदिर का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष संतोष सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर निर्माण हेतु पूर्व में प्राप्त 6 करोड़ रुपए से अधिक की जनसहयोग राशि पूर्णतः व्यय हो चुकी है तथा अभी लगभग 9 करोड़ रुपए की राशि की आवश्यकता शेष है।
मंदिर निर्माण कार्य को गति प्रदान करने के उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा छिंदवाड़ा की सबसे भव्य “भाग्यशाली भक्त उपहार योजना” प्रारंभ की जा रही है।मंदिर ट्रस्ट संरक्षक अरविंद राजपूत ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत ₹500 मूल्य के लगभग 50 हजार कूपन जारी किए जाएंगे, जिनके माध्यम से लगभग ₹2.50 करोड़ की सहयोग राशि एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से लगभग ₹40 लाख की राशि भाग्यशाली भक्तों को उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी, जबकि शेष लगभग ₹2 करोड़ की राशि मंदिर नवनिर्माण कार्य में उपयोग की जाएगी।इस योजना को सफल बनाने हेतु विशेष जनसंपर्क अभियान तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत छिंदवाड़ा शहर सहित गली-मोहल्लों, वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक मंदिर की जनसहयोग टीम पहुँचकर भक्तों से सहयोग का आग्रह करेगी।
ट्रस्ट ने समस्त माता भक्तों एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में सहयोग प्रदान कर मंदिर निर्माण में सहभागी बनें तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ें।मंदिर मीडिया प्रभारी गौरव सोनी ने बताया कि इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। आगामी नवंबर माह में दीपावली / ग्यारस के अवसर पर इस कूपन योजना का लकी ड्रा कार्यक्रम आयोजित कर योजना का समापन किया जाएगा।
कार्यक्रम से संबंधित समस्त जानकारी मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज shri_badimata_mandirtrust के माध्यम से निरंतर साझा की जाएगी।
इस अवसर पर संरक्षकगण एवं ट्रस्ट सदस्यगणों में सतीश दुबे, मुकुल सोनी, संजय सहानी, कोषाध्यक्ष अखिलेश भारद्वाज, अनिल सोनी, अशोक जैन, सुभाष साहू, गुड्डू सोनी, हरिओम सोनी, अक्की सोनी, परिवेश सदाफल, नयन चौरसिया, सागर चौरसिया, सावन जैन, ऋषभ ताम्रकार, कृष्णा सोनी, अंशुल जैन, आयुष राजपूत, अंकित सेठिया, राजा विश्वकर्मा, गोपाला चौरसिया सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।मंदिर ट्रस्ट ने छिंदवाड़ावासियों से विशेष सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग के माध्यम से वर्ष 2027 तक मंदिर नवनिर्माण कार्य पूर्ण कर भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा।















