सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा। शहर और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं के बीच तेजी से फैल रहे एमडी ड्रग्स के नशे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहले तिगांव निवासी योगेश पैठणकर को 4.67 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा, जिसकी निशानदेही पर मुख्य सप्लायर अभिषेक मिश्रा को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-47 स्थित भंदारगोंदी जोड़ के पास शिव दर्शन ढाबा के नजदीक घेराबंदी कर योगेश पैठणकर (30 वर्ष) को बाइक सहित रोका गया।
तलाशी के दौरान उसके पास मोबाइल कवर में छिपाकर रखी गई दो जिप लॉक पॉलीथिन में 4.67 ग्राम भूरे रंग की एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और युवाओं को इसकी सप्लाई करता था। उसके खुलासे के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए नागपुर निवासी मुख्य सप्लायर अभिषेक मिश्रा तक पहुंच बनाई।पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से नागपुर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से दिगोरी चौक क्षेत्र से अभिषेक मिश्रा को गिरफ्तार किया। आरोपी को पांढुर्णा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से एमडी ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की अन्य कड़ियों का भी खुलासा हो सकता है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और किन-किन क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था।दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 सहित मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी के निर्देशन तथा एसडीओपी बृजेश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित दानी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक शिवकरण पांडे, आरक्षक अशोक हरसुले और पुष्पेन्द्र ठाकुर की अहम भूमिका रही।















