अमित को हीरो मोटरसाइकिल, कमलेश को एलईडी टीवी तो अंकिता को मिला फ्रिज कुल 51 भाग्यशाली प्रतिभागियों को प्रदान किए गए आकर्षक पुरस्कार
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा– पुराना नागपुर नाका व्यापारी मंडल दुर्गा उत्सव समिति के सदस्य दुर्गेश नरोटे ने जानकारी देते हुए बताया की समिति द्वारा इस वर्ष दुर्गा उत्सव के दौरान दर्शन हेतु आने वाले भक्तो के लिए आयोजित बंपर इनामी लकी ड्रॉ शनिवार को स्थापना स्थल स्थित पंडाल में अतिथियों की उपस्थिति में खोला गया। इस दौरान एक एक कर बच्चों के हाथों से लकी ड्रॉ के कूपन खुलवाए गए और भाग्यशाली विजेताओं के नामों की घोषणा की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
लकी ड्रॉ में प्रथम पुरस्कार के रूप में मोटरसाइकिल बाईक, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 43 इंच की स्मार्ट एलईडी टीवी तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में फ्रिज प्रदान किया गया। इसके अलावा अन्य आकर्षक उपहारों सहित कुल 51 पुरस्कार वितरित किए गए। इस दौरान पुरस्कार जीतने वाले प्रतिभागियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली, वहीं उपस्थित लोगों ने भी तालियों के साथ विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। समिति द्वारा प्रतिवर्ष दुर्गा उत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ इनामी लकी ड्रा कूपन और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है। ज्ञात हो कि नवरात्र के दौरान समिति के लकी ड्रॉ के आयोजन ने आने वाले भक्तो की खुशियों को और बढ़ा दिया था। लकी ड्रा कूपन खोलने के दौरान कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, सदस्य, व्यापारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ये रहे लकी ड्रा कूपन के प्रथम 6 विजेताप्रथम पुरस्कारहीरो मोटर साईकिल (बाईक), अमित गोहिया प्रियदर्शनी कॉलोनी,छिन्दवाड़ा दीतीय पुरस्कार43 इंच एलईडी टीवी, कमलेश कुमार गुप्ता तृतीय पुरस्कार रेफ्रीजिरेटर (फ्रिज), अंकिता दीक्षित चतुर्थ पुरस्कार वाशिंग मशीन, लखन खटवानी पांचवा पुरस्कार साइकल, संतोष कुमार सिंह, छिन्दवाड़ा छटा पुरस्कारअलमारी, रखी जैन इस प्रकार समिति द्वारा अलग अलग कुल 51 भाग्यशाली विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। स्वर्ण मंदिर और बाबा अमरनाथ की भव्य झाकी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन, समिति ने जताया आभार पुराना नागपुर नाका व्यापारी मंडल दुर्गा उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने बताया की समिति द्वारा विगत 23 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना के साथ आकर्षक एवं मनमोहक झांकियों का निर्माण किया जा रहा है।
नागपुर नाका स्थित पावर टी हाउस के पीछे आयोजित होने वाले इस दुर्गा उत्सव में हर वर्ष श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति से जुड़ी अनूठी झांकियों के दर्शन करने का अवसर भक्तो को मिलता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष समिति द्वारा स्वर्ण मंदिर और बाबा अमरनाथ की भव्य झांकी का निर्माण किया गया था। झांकी में स्वर्ण मंदिर की दिव्य आभा और बाबा अमरनाथ की पावन गुफा के दर्शन का अद्भुत संगम प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया। स्वर्ण मंदिर का आकर्षक स्वरूप जहां श्रद्धालुओं को सिख धर्म की सेवा, शांति और समर्पण की भावना से जोड़ता नजर आया, वहीं बाबा अमरनाथ की झांकी ने भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और भक्ति का भाव जागृत किया। झांकी की धार्मिक थीम ने श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख आस्था केंद्रों की याद दिलाई। मां दुर्गा की आराधना के बीच स्वर्ण मंदिर और बाबा अमरनाथ के दर्शन का यह अनूठा संयोजन भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना। झांकी के माध्यम से विभिन्न धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान, आस्था और आध्यात्मिक एकता का संदेश भी उभरकर सामने आया।
समिति सदस्यों ने आगे बताया की पुराना नागपुर नाका व्यापारी मंडल दुर्गा उत्सव समिति पिछले 23 वर्षों से निरंतर इस परंपरा का निर्वहन कर रही है। हर वर्ष नई धार्मिक अवधारणा के साथ झांकी तैयार कर श्रद्धालुओं को कुछ विशेष देने का समिति का प्रयास दुर्गा उत्सव को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। समिति की यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करती है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं को भी समृद्ध बनाती है। समिति द्वारा हर वर्ष नई थीम पर झांकी तैयार की जाती है। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने की यह पहल दुर्गा उत्सव की विशेष पहचान बनी हुई है। समिति में 250 से अधिक सदस्य शामिल है जो नवरात्रि के दौरान पूरे समय अपनी सेवाए प्रदान करते है, यह एक समिति भर नहीं है बल्कि एक बड़ा परिवार है। समिति का प्रयास रहेगा की आने वाले वाले वर्षो में भी समिति भक्तो के लिए सुंदर झाकी प्रस्तुत करेगी। समिति सभी भक्तो दानदाताओ और जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, इलेक्ट्रानिक प्रिंट मीडिया के साथियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करती है।
इस दौरान समिति के अध्यक्ष संजू इधाते, नितिन भूतेकर, दीपक नरवरे, हरीश ताम्रकार, दुर्गेश नरोटे, दिलीप पवार, मोनू अजमेरा, नितेश बैस, पंकज अजमेरा, राजू भूमर, शानू वर्मा, समृद्ध औरंगाबादकर, संजू पैठने, चिराग अजमेरा, नीलेश पवार सहित समिति के अदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।














