कलेक्टर जिला अधिकारियों के साथ चुरी साजवा पहुंचे, शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण
**जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं के क्रियान्वयन और शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समाधान और शासकीय सेवाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे सहित जिला अधिकारियों की टीम के साथ विकासखंड हर्रई की ग्राम पंचायत चुरी साजवा पहुंचे। अभियान के 11वें शुक्रवार को कलेक्टर ने क्षेत्र की विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन पुल, पुलिस थाना और उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*शासकीय संस्थाओं और निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण-* कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे के साथ सबसे पहले पुलिस थाना धनौरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, रजिस्टर, रोज़नामचा सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया और थाना संचालन की जानकारी प्राप्त की।इसके बाद कलेक्टर ने बटकाखापा से आचलकुंड मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कुदनी नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर श्री नारायन ने उप स्वास्थ्य केंद्र चुरी साजवा का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित एएनएम से बच्चों के नियमित टीकाकरण की स्थिति, टीकाकरण कार्यक्रम के क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को निर्धारित समय पर टीके लगाए जाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के संबंध में जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान एएनएम ने बताया कि पिछले दिनों गांव में मलेरिया का एक प्रकरण सामने आया था। इस पर कलेक्टर ने पूरे गांव में मलेरिया की सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि संभावित संक्रमित मरीजों की पहचान कर आवश्यक उपचार और बचाव की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ग्रामीणों को मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में सर्पदंश से बचाव एवं जागरूकता संबंधी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए जिससे ग्रामीणों को सर्पदंश की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और समय पर उपचार लेने के महत्व की जानकारी मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने तथा ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं* – विभिन्न शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे सहित जिला अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत चुरी साजवा परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। शिविर में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह भी उपस्थित थे। कलेक्टर एवं विधायक श्री शाह ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, नल-जल योजना, नल कनेक्शन, विद्युत ट्रांसफार्मर और अवैध कब्जे से संबंधित समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसंवाद शिविर में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की।
ग्राम बटकाखापा के शिकायतकर्ता श्री मोनू की ऑनलाइन खसरा अपडेट से संबंधित शिकायत के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिकायत का सही तरीके से निराकरण करने के बजाय प्रक्रिया को और जटिल बनाया गया इस मामले में अलग-अलग स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत हर्रई, नायब तहसीलदार बटकाखापा, ग्राम पंचायत सचिव बटकाखापा और सरपंच बटकाखापा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।एक अन्य शिकायत में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हर्रई में विभिन्न मदों के बजट में वित्तीय अनियमितताओं की जांच से संबंधित प्रकरण की समीक्षा की गई। शिकायत का 108 दिनों तक निराकरण नहीं किया गया तथा जांच के लिए गठित समिति ने निष्पक्ष जांच करने के बजाय औपचारिकता पूरी की। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ग्राम कामथ के ग्रामीणों ने जनसंवाद शिविर में बताया कि नल-जल योजना का कार्य पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है, जिससे गांव में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है।
कलेक्टर श्री नारायन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्य में लापरवाही पर संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के कार्य की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने और ग्रामीणों की पेयजल समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान राज्य भारिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार अंगारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं एसडीएम अमरवाड़ा श्री हेमकरण धुर्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।














