Home CITY NEWS कलेक्टर ने किया फसल सत्यापन व उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण

कलेक्टर ने किया फसल सत्यापन व उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/ / कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा जिले में सेटेलाइट से प्राप्त फसल सत्यापन के तहत विकासखंड छिंदवाड़ा के अंतर्गत ग्राम सारना, रामगढ़ी एवं उमरिया ईसरा में मौके पर पहुंचकर खसरा नंबरों का भौतिक सत्यापन किया गया। ग्राम सारना के खसरा नंबर 244/4 रकबा 0.858 हेक्टेयर में सेटेलाइट के माध्यम से अन्य फसल दर्शाई गई थी, जबकि मौके पर निरीक्षण के दौरान उक्त भूमि पर गेहूं की फसल पाई गई, जो पटवारी की गिरदावरी अनुसार सही पाई गई एवं सत्यापित की गई।

इसी क्रम में ग्राम रामगढ़ी के खसरा नंबर 342/1 रकबा 1.958 हेक्टेयर में सेटेलाइट के अनुसार भूमि पड़त दर्शाई गई थी, लेकिन मौके पर जांच में लगभग 1.5 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की फसल पाई गई तथा शेष भूमि पड़त मिली। इस पर कलेक्टर श्री नारायन द्वारा उपार्जन में सुधार करते हुए रकबा कम कर संशोधित सत्यापन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। ग्राम उमरिया ईसरा में खसरा नंबर 485/2/1, 485/2/2 एवं 485/2/3 में सेटेलाइट द्वारा अन्य फसल दर्शाई जा रही थी, किन्तु मौके पर निरीक्षण के दौरान गिरदावरी अनुसार गेहूं की फसल पाई गई, जिसे सत्यापित किया गया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने उपार्जन केंद्र सीडब्ल्यू जमुनिया का भी निरीक्षण किया। यहां सारना समिति के प्रबंधक श्री प्रमोद करवैया एवं श्री नीतीश खलखोह (चनिया कला) द्वारा उपार्जन केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधितों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एसएडीओ श्री सी.एम. अवस्थी को भी लापरवाही पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद उपार्जन केंद्र उमरिया ईसरा का निरीक्षण किया गया, जहां सात समितियों—उमरिया ईसरा, खापाकला, शाहपुरा, बनगांव, माचागोरा, झिलमिली एवं बाका नागलपुर की खरीदी की जा रही है। कलेक्टर श्री नारायन ने यहां मापदंडों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु खाद्य विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती गंगा कुमरे, एसडीओ कृषि, तहसीलदार सुश्री मीना दशरिया, नायब तहसीलदार सुश्री हेमांगप्रिया श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं पटवारी उपस्थित थे।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें