Home CITY NEWS कलेक्टर ने टॉपर्स विद्यार्थियों को किया सम्मानित

कलेक्टर ने टॉपर्स विद्यार्थियों को किया सम्मानित

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

बोर्ड परीक्षा में छिंदवाड़ा का शानदार प्रदर्शन, मेरिट में भी चमका जिला असफल अथवा परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थी निराश हुए बिना पुनः अवसर का उठा सकते हैं लाभ

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्‍दवाड़ा/15 अप्रैल 2026/ माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा वर्ष 2026 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें जिला छिंदवाड़ा का प्रदर्शन उल्लेखनीय एवं उत्साहजनक रहा है। घोषित परिणामों के अनुसार हाईस्कूल परीक्षा में जिले के कुल 23,775 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 18,770 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं, जिससे जिले का कुल परीक्षा परिणाम 79.0 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिले के 17,879 परीक्षार्थियों में से 14,635 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जिससे जिले का परीक्षा परिणाम 81.9 प्रतिशत रहा है।

परीक्षा परिणामों के विश्लेषण से स्पष्ट है कि इस वर्ष भी छात्राओं ने छात्रों की अपेक्षा बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। हाईस्कूल परीक्षा में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 83.5 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 73.8 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी परीक्षा में छात्राओं का परिणाम 83.3 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 80 प्रतिशत रहा है, जो जिले में बालिका शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं सकारात्मक प्रयासों का परिणाम है।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी. एस. बघेल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 के परीक्षा परिणामों में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी रहा कि शासकीय शिक्षण संस्थाओं का प्रदर्शन अशासकीय शिक्षण संस्थाओं की तुलना में अधिक बेहतर रहा है। हाईस्कूल स्तर पर शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 85.43 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि अशासकीय विद्यालयों का परिणाम 70.43 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी स्तर पर शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 81.51 प्रतिशत तथा अशासकीय विद्यालयों का 70.67 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो जिले में शासकीय विद्यालयों की सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था एवं गुणवत्ता में निरंतर सुधार को दर्शाता है।

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी प्रावीण्य सूची में भी जिला छिंदवाड़ा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया है। हाईस्कूल परीक्षा की प्रदेश प्रावीण्य सूची में जिले के 13 विद्यार्थियों एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा की सूची में 5 विद्यार्थियों ने स्थान अर्जित कर जिले का गौरव बढ़ाया है। जिले में कुल 161 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं का सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित संचालन किया गया, जो प्रशासनिक दक्षता, समन्वय एवं पारदर्शिता का परिचायक है।

मंडल द्वारा इस वर्ष से पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय अवसर परीक्षा की व्यवस्था लागू की गई है, जिसके अंतर्गत ऐसे विद्यार्थी जो मुख्य परीक्षा में अनुपस्थित अथवा अनुत्तीर्ण रहे हैं, अथवा अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, उन्हें पुनः अवसर प्रदान किया जाएगा। द्वितीय अवसर परीक्षा हेतु ऑनलाइन आवेदन दिनांक 15 अप्रैल 2026 से 22 अप्रैल 2026 तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जा सकेंगे तथा परीक्षा का आयोजन 7 मई 2026 से 25 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पुनर्गणना एवं उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति प्राप्त करने हेतु परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि से 10 दिवस के भीतर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। उत्तरपुस्तिकाओं की छायाप्रति ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, विद्यार्थियों को प्रदान की गई अंकसूचियों में किसी प्रकार की त्रुटि होने की स्थिति में तीन माह की अवधि तक निःशुल्क सुधार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

जिले के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल द्वारा समस्त सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, प्राचार्यों एवं शिक्षकों को बधाई प्रेषित करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है तथा उन्हें निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया है। कलेक्टर श्री नारायन ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सभी टॉपर्स विद्यार्थियों को आमंत्रित कर उन्हें सम्मानितभी किया।

पांढुर्णा कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, कहा—युवा ही जिले का भविष्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण से अभिनंदन, अभिभावकों की उपस्थिति से कार्यक्रम हुआ गरिमामय

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें