ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश,निर्माणाधीन निस्तारी तालाब का भी निरीक्षण किया,
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/15 अप्रैल 2026/ जिले में सुशासन को मजबूत करने और आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर सीधे ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को जनपद पंचायत छिंदवाड़ा की ग्राम पंचायत भाजीपानी में चौपाल का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। इस दौरान उनके साथ सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत भाजीपानी में आयोजित इस चौपाल में कलेक्टर श्री नारायन ने बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क निर्माण, राशन वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली आपूर्ति एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न समस्याओं को सामने रखा। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए । चौपाल से पूर्व कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी विभागों के अधिकारियों ने गांव में घर-घर जाकर (डोर-टू-डोर) ग्रामीणों से संपर्क किया और उनकी समस्याओं का संकलन किया।
निर्माणाधीन निस्तारी तालाब का भी किया निरीक्षण –ग्राम पंचायत भाजीपानी में कलेक्टर श्री नारायन द्वारा मनरेगा योजन के अंतर्गत निस्तारी तालाब निर्माण कार्य का स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कार्य स्थल पर दर्ज (एंट्री) किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर थी, जबकि वास्तविक कार्य किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था। इस प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित ग्राम रोजगार सहायक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम उमरहर में विकास कार्यों का कलेक्टर श्री नारायन ने किया निरीक्षण छिन्दवाड़ा/15 अप्रैल 2026/ छिंदवाड़ा जिले के जनपद पंचायत छिंदवाड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमरहर में चल रहे विकास कार्यों का आज कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सीसी रोड एवं उप स्वास्थ्य केंद्र का मौके पर जाकर जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग हो रही सामग्री और तकनीकी मानकों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान उनके साथ सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।















