सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। जनपद पंचायत छिंदवाड़ा में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर (एसडीओ) आर.पी. सोनी के खिलाफ सरपंच और सचिवों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपकर उनकी कार्यप्रणाली की जांच कराते हुए तत्काल कार्रवाई और स्थानांतरण की मांग की गई है।
काम की मंजूरी के बदले 3 प्रतिशत राशि मांगने का आरोप शिकायत में बताया गया है कि जनपद पंचायत छिंदवाड़ा में कई वर्षों से पदस्थ एसडीओ आर.पी. सोनी द्वारा ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों के लिए तकनीकी स्वीकृति (टी.एस.) और कंप्लीशन सर्टिफिकेट (सी.सी.) जारी करने के नाम पर अवैध रूप से पैसों की मांग की जाती है। आरोप है कि सांसद निधि, विधायक निधि सहित अन्य योजनाओं के तहत होने वाले कार्यों में कार्य लागत का लगभग 3 प्रतिशत तक राशि पंचायतों से ली जा रही है।
पैसे न देने पर विकास कार्यों में अड़चन शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि कोई सरपंच या सचिव राशि देने से इंकार करता है तो संबंधित कार्यों की तकनीकी स्वीकृति नहीं दी जाती, जिससे पंचायतों के विकास कार्य रुक जाते हैं। कई पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि इस कारण उन्हें कार्य करवाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मनरेगा कार्यों में भी अनियमितता का आरोप आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों में आर.पी. सोनी द्वारा अपने पसंदीदा ठेकेदारों और वेंडरों के माध्यम से बिल लगवाकर भुगतान करवाया जाता है।
स्थानांतरण के बावजूद नहीं हुए रिलीव शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आर.पी. सोनी का स्थानांतरण पहले ही रीवा जिले में हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक उन्हें छिंदवाड़ा जनपद पंचायत से रिलीव नहीं किया गया है।
सरपंच-सचिवों में आक्रोश पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि उनकी कार्यप्रणाली से जनपद पंचायत के अंतर्गत कई ग्राम पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सरपंच-सचिवों में उनके प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।
कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग शिकायतकर्ताओं ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए एसडीओ आर.पी. सोनी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और उन्हें तत्काल छिंदवाड़ा से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।















