Home SPORTS FDDI छिंदवाड़ा में आयोजित “आरोहण-2026” इंटर-कैंपस खेल प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन

FDDI छिंदवाड़ा में आयोजित “आरोहण-2026” इंटर-कैंपस खेल प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा/27 फरवरी 2026/ एफ.डी.डी.आई. छिंदवाड़ा द्वारा आयोजित “आरोहण-2026” इंटर-कैंपस खेल प्रतियोगिता का समापन समारोह शुक्रवार को संस्थान के सचिव एवं छिंदवाड़ा कैंपस के कार्यकारी निदेशक कर्नल पंकज कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जी.एच. राय सोनी यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. डॉ.मीणा राजेश तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में एफ.डी.डी.आई. छिंदवाड़ा के प्रबंध निदेशक श्री विवेक कुमार सिन्हा उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतियोगिताओं के अंतिम मुकाबलों के उपरांत एफ.डी.डी.आई. के सभी 12 कैंपसों से आए प्रतिभागियों द्वारा पुलिस बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च-पास्ट करते हुए अतिथियों को सलामी देने से हुआ। इसके पश्चात छिंदवाड़ा कैंपस के सभागार में आयोजित समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

प्रमुख प्रतियोगिता परिणाम– वॉलीबॉल फाइनल में चेन्नई कैंपस विजेता एवं हैदराबाद कैंपस उपविजेता रहा। क्रिकेट फाइनल में नोएडा कैंपस ने छिंदवाड़ा कैंपस को 12 रनों से पराजित कर खिताब जीता। टेबल टेनिस (एकल) में सीड़ाक्ष सिंह (नोएडा) विजेता एवं भागवत मरावी (छिंदवाड़ा) उपविजेता रहा। टेबल टेनिस पुरुष एकल में अर्णव राज ढींगरा (नोएडा) विजेता एवं क्रिश विश्वकर्मा (छिंदवाड़ा) उपविजेता रहा। महिला एकल में अंजना डी (चेन्नई) विजेता एवं कन्या शेट्टी (नोएडा) उपविजेता रहा। पुरुष युगल में हेमानंद एवं रिचर्ड (चेन्नई) विजेता तथा गर्व एवं तनिष्क (रोहतक) उपविजेता एवं मिक्स्ड डबल्स में अर्णव-कन्या (नोएडा) विजेता एवं हेमानंद- अंजना उपविजेता रहा।

समग्र प्रदर्शन में चेन्नई, नोएडा एवं छिंदवाड़ा कैंपस क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। साथ ही “आरोहण-2027” की मेजबानी चेन्नई कैंपस को सौंपे जाने की घोषणा की गई। कार्यक्रम के अंत में केंद्र प्रभारी श्री अरित्रा दास ने मुख्य अतिथियों, अधिकारियों, विभिन्न कैंपसों से आए समन्वयकों, विद्यार्थियों एवं छिंदवाड़ा कैंपस के समस्त कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बाहरी कैंपसों से आए प्रतिभागियों एवं स्पोर्ट्स समन्वयकों ने छिंदवाड़ा कैंपस की उत्कृष्ट व्यवस्था एवं आतिथ्य की सराहना की।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें