Home CITY NEWS प्लास्टिक मुक्त होंगे पर्यटन ग्राम देवगढ़ और चिमटीपुर, तामिया

प्लास्टिक मुक्त होंगे पर्यटन ग्राम देवगढ़ और चिमटीपुर, तामिया

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

कलेक्टर श्री नारायन की अध्यक्षता में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक संपन्न , चलेगा जनजागरूकता अभियान

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/16 फरवरी 2026/ जिले के पर्यटन विकास को नई दिशा देते हुए पर्यटन ग्राम देवगढ़ और चिमटीपुर को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आयोजित जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

निर्णय के अनुसार, दोनों पर्यटन ग्रामों में प्लास्टिक सामग्री के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पर्यटक गांव के भीतर पानी की प्लास्टिक बोतलें एवं खाद्य सामग्री के प्लास्टिक पाउच नहीं ले जा सकेंगे। इसके लिए गांव के बाहर जांच नाका स्थापित किया जाएगा। जिला प्रशासन स्थानीय जनसमुदाय के सहयोग से इस पहल को प्रभावी रूप से लागू करेगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार पाण्डेय, डीएफओ श्री साहिल गर्ग, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री सीपी राय, नोडल अधिकारी श्री बलराम राजपूत, पर्यटन प्रबंधक श्री गिरीश लालवानी सहित परिषद के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए पहल- जिले के पर्यटन स्थलों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इससे पर्यटन स्थलों की पहचान को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।

समय-सीमा में पूर्ण हों होम स्टे- कलेक्टर श्री नारायन ने जिले में संचालित होम स्टे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। जिले के 12 गांवों में 100 से अधिक होम स्टे निर्माणाधीन हैं, जो प्रदेश में सर्वाधिक हैं। होम स्टे संचालकों को अतिथि सत्कार एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रशिक्षण दिलाने के भी निर्देश दिए गए।

टूरिज्म बोर्ड को भेजा गया प्रस्ताव- कुकड़ीखापा वॉटर फॉल के विकास हेतु तैयार प्रस्ताव मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को प्रेषित किया गया है। प्रस्ताव में रेलिंग, बिजली, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास संबंधी बिंदु शामिल हैं। तामिया में प्रस्तावित ओपन थिएटर निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई।

पर्यटन स्थलों तक बस संचालन पर चर्चा-बैठक में मुख्यालय से प्रमुख पर्यटन स्थलों तक बस संचालन का प्रस्ताव रखा गया। कलेक्टर श्री नारायन ने आरटीओ, निजी बस संचालकों एवं टूर ऑपरेटरों से सुझाव प्राप्त कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता पर विशेष जोर- जिले के सभी पर्यटन स्थलों एवं ग्रामों में स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। तामिया में प्लास्टिक मुक्त पर्यटन स्थल के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। देवगढ़ एवं चिमटीपुर को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन किया जाएगा। सामुदायिक भवन एवं सड़क निर्माण- पर्यटन ग्रामों में सामुदायिक भवन निर्माण तथा देवगढ़ एवं चोपना में सड़क निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का निर्णय लिया गया, ताकि पर्यटन विकास को गति मिल सके।

हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण पत्र- बैठक उपरांत कलेक्टर श्री नारायन ने देवगढ़ के होम स्टे हितग्राहियों को टाटा स्ट्राइव कौशल संस्थान एवं होटल ताज ग्रुप द्वारा प्रदान प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र वितरित किए। यह प्रशिक्षण जिला प्रशासन के प्रयासों से आयोजित किया गया था।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें