विशेषज्ञों ने दी उपयोगी जानकारियां
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/ रेडियो किसान दिवस के अवसर पर आकाशवाणी छिंदवाड़ा द्वारा आज जिले के ग्राम मोआदेई में कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती, नवीन कृषि तकनीकों एवं पशुपालन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आकाशवाणी छिंदवाड़ा के कार्यक्रम अधिशासी श्री दीपांकर तिवारी ने कहा कि आकाशवाणी हमेशा से किसानों की आवाज़ रही है और रेडियो के माध्यम से कृषि विज्ञान, सरकारी योजनाओं और विशेषज्ञ सलाह को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेडियो किसान दिवस किसानों के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक है तथा ऐसे कार्यक्रम किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व डीन एवं सह संचालक, आंचलिक कृषि अनुसंधान केंद्र डॉ.विजय पराड़कर, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र डॉ.ध्रुव श्रीवास्तव, डॉ.रिया ठाकुर, डॉ.सुंदरलाल अलावा, उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.एच.जी.एस.पक्षवार तथा सहायक संचालक कृषि श्री नीलकंठ पटवारी एवं वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र देलाखारी श्री रोशनलाल राउत उपस्थित थे।

विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत बीज, मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, फसल विविधीकरण एवं वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी दी। साथ ही किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर व्यावहारिक समाधान बताए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी बताया। अंत में कार्यक्रम अधिशासी श्री अमोल शेंडे द्वारा किसानों एवं समस्त अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।















