सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा ।
जिले की 3,12,659 लाडली बहनों के खातों में पहुंची 45.50 करोड़ रुपये की राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज खण्डवा जिले के पंधाना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त का अंतरण किया। इस अवसर पर प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाडली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। वहीं छिंदवाड़ा जिले की 3,12,659 लाडली बहनों को 45.50 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया गया।
इसी कड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री बृजेश कुमार शिवहरे और शहरी क्षेत्र की लाड़ली बहना हितग्राहियों की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में खण्डवा जिले से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा एवं सुना गया। इसके अलावा जिले की परियोजनाओं एवं आंगनबाड़ियों में भी लाड़ली बहना हितग्राहियों को जोड़कर कार्यक्रम का प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से दिखाया गया।















