कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की संसद की सदस्यता समाप्त किये जाने के विरोध में आज कांग्रेस ने स्थानीय गांधी चौक पर जंगी प्रदर्शन कर कांग्रेसियों ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा:- राष्ट्रनेत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी, भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के पुत्र जिन्होंने देश की एकता अखण्डता और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने के लिये ऐतिहासिक पदयात्रा की और भारत विरोधी ताकतों का पुरजोर विरोध करते हुये देश के अंदर बैठे देश विरोधी तत्वों का भी भरपूर मुकाबला किया जिनके बढ़ते जनाधार और सत्ता जाने के खौफ के कारण भारतीय जनता पार्टी ने षड्यंत्र रचकर संसद की सदस्यता समाप्त करवा दी, जिसके विरोध में आज कांग्रेस ने स्थानीय गांधी चौक (फव्वारा चौक) पर अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष बैठक कर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बापू के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम का गायन किया साथ ही देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिये कहा “रघुपति राघव राजा राम, मोदी को सन्मति दे भगवान”।
भारतवर्ष को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने के लिये अपने पिता और दादी को खो चुके, कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता श्री राहुल गांधी की संसद की सदस्यता समाप्त किये जाने के विरोध में आज कांग्रेस ने स्थानीय गांधी चौक पर जंगी प्रदर्शन किया। भारी पुलिस बल के बीच पुलिस की नाक के नीचे कांग्रेसियों ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका। भाजपा के इशारों पर काम करने वाली पुलिस के बल प्रयोग भी कांग्रेस के सच्चे सिपाहियों को नहीं रोक पाई। पुतला दहन के दौरान पुलिस के द्वारा की गई धक्का मुक्की से युवक कांग्रेस के अध्यक्ष एकलव्य यहके सहित अन्य कांग्रेस पार्टी के अन्य प्रदर्शनकारी पदाधिकारी व कार्यकर्तागण चोटिल हुये हैं। पुलिस की इस बर्बरता के खिलाफ कांग्रेस ने गांधी चौक पर ही नारेजाबी कर अपना विरोध व्यक्त किया।
देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार है जो पूरी तरह से तानाशाह हो चुकी है। भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना या फिर सच्चाई बोलना आज अपराध हो चुका है। महंगाई, बेरोजगारी, अत्याचार और बढ़ते अपराध के खिलाफ आवाज उठाना या फिर सवाल पूछने पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नाराज हो जाते हैं। देश हित में लगातार हमलावर अंदाज में बोलने वाले हमारे राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के खिलाफ देश के प्रधानमंत्री ने षड्यंत्र रचकर उनकी संसद की सदस्यता समाप्त करवाई है। श्री राहुल गांधी के साथ भाजपा और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो कर रहे हैं उसका परिणाम भी जल्द ही भाजपा को भुगतना पड़ेगा, क्योंकि यह देश तानाशाही को सहन नहीं करता है। उक्त उदगार आज जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने गांधी चौक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन के दौरान व्यक्त किये।

आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी, जय सक्सेना, शहर कांग्रेस समन्वयक आनंद बक्षी, सेवादल अध्यक्ष सुरेश कपाले, पप्पू यादव सहित जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, निगम पार्षदगण, ग्रामीण कांग्रेस सहित कांग्रेस के सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।















