सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। रामनवमी के पावन अवसर पर रविवार को हिंदू उत्सव समिति द्वारा एक भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा चार फाटक से प्रारंभ होकर दशहरा मैदान तक पहुंची, जहां रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ इसका भव्य समापन हुआ।

शोभायात्रा में शहर और आसपास से आए हजारों वाहनों के साथ लाखों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विविध झांकियों ने इस आयोजन को और भी मनमोहक बना दिया। करीब 3 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में रामायण, भगवान राम के जीवन प्रसंगों और भारतीय संस्कृति पर आधारित झांकियां प्रमुख आकर्षण रहीं।

इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि इसमें सभी हिंदू संगठन एवं विभिन्न राजनीतिक दलों ने एक साथ सहभागिता की, जिससे सामाजिक एकता का संदेश भी प्रसारित हुआ।

श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि जब शोभायात्रा पोला ग्राउंड के पास पहुंची, तब तक भीड़ यात्रा के प्रारंभिक स्थल चार फाटक तक बनी हुई थी। प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए और रूट को डाइवर्ट कर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया।


इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि धार्मिक पर्व सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक होते हैं।


*महाआरती एवं शोभायात्रा निकाल कर मनाई श्री रामनवमी*
छिंदवाड़ा। शहर के हृदय स्थल में स्थित सत्य धर्म मंडल द्वारा संचालित श्री राम मंदिर में श्री रामनवमी के अवसर पर दोपहर ठीक 12:00 बजे भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मनाया गया।

इस दौरान श्री राम स्तुति का पाठ, भजन कीर्तन एवं महा आरती की गई। आरती में मुख्य रूप से सांसद बंटी विवेक साहू, सत्यधर्म मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकुल सोनी सचिव सतीश दुबे लाला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। महा आरती के पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया। इसके पूर्व प्रातः 09 बजे मंदिर में झंडा वंदन किया गया तथा 10 बजे से श्री सत्यधर्म रामायण संकीर्तन मंडल द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी गई।श्री राम मंदिर छोटी बाजार से लगभग 150 वर्षों से श्री राम नवमी के अवसर पर भगवान श्री राम की झांकियों को नगर भ्रमण कराया जाता है, इसी क्रम में शाम 07 बजे छोटी बाजार से झांकियां निकली।

यह शोभायात्रा छोटी बाजार से निकलकर मेन रोड, गोलगंज, फब्बारा चौक, अनगढ़ हनुमान मंदिर, बुधवारी बाजार, श्री बड़ी माता मंदिर के सामने से पुराना पावर हाउस, गणेश चौक एवं शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस छोटी बाजार पहुंची। श्री राम मंदिर में प्रतिदिन होने वाली आरती श्री सत्यधर्म संकीर्तन मंडल द्वारा भव्यता से की गई। शाम को निकली शोभायात्रा में भगवान श्री राम, माता जानकी एवं हनुमान जी को मनमोहक झांकी बनाई गई। इसके साथ ही श्री तुलसी रामायण संकीर्तन मंडल, संगीत रामायण मंडल एवं सत्य धर्म मंडल की झांकी भी प्रमुख रूप से शोभायात्रा में शामिल हुई। इस दौरान शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जनमानस की उपस्थिति रही।
