Home MORE भाजपा खो चुकी जनाधार बचाने ले रही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सहारा

भाजपा खो चुकी जनाधार बचाने ले रही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सहारा

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

-धनबल, छलबल और दबाव की राजनीति लोकतंत्र के लिये खतरा

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा:- जिले की सातों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की प्रचंड जीत और उसके पहले सर्वाधिक नगरीय निकायों, जिला पंचायत व जनपद पंचायतों में भी कांग्रेस को मिली विजयश्री ने यह साबित कर दिया कि जिले की जागरूक जनता पूर्व सीएम कमलनाथ व सांसद नकुलनाथ के साथ है और आगे भी रहेगी। किसी लहर और तूफान को जनता ने यहां टिकने नहीं दिया और नकुल-कमलनाथ के विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुये भाजपा को करारी हार दिलाई है। भाजपा अपनी दरकती जमीन को बचाने के लिये छटपटा रही है और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं निगाह डाल रही। उक्त उदगार आज जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने व्यक्त किये।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुये कहा कि भाजपा अपनी जनविरोधी नीतियों के चलते जनता के बीच सांख खो चुकी है। सम्पूर्ण जिले में जनाधार खो चुकी। बची-कुची डगमगाती स्थिति को संभालने के लिये अब वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर निर्भर हो गई है। इसीलिये वह धनबल-छलबल व दबाव का सहारा लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल करा रही है, कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के कार्य एवं व्यवसाय रोककर उन्हें जबरन बीजेपी की सदस्यता दिलाई जा रही ताकि जनता के बीच में यह भ्रम भी फैलाया जा सके कि कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण पार्टी छोड़कर जा रहे, किन्तु ऐसी स्थिति नहीं है जिस तरह की बताई जा रही है।

कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता और पदाधिकारी आज भी कमलनाथ व नकुलनाथ एवं कांग्रेस के साथ है। श्री ओक्टे ने आगे कहा कि भाजपा नीतियों व सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी नहीं है उसे तो केवल सत्ता हथियाने से मतलब होता है जिसके लिये वह किसी भी स्तर तक पहुंच जाती है। लोकतंत्र की हत्या ही उसका प्रथम धेय बन चुका है, किन्तु जनता यह सबकुछ अपनी खुली आंखों से देख रही है और इसका जवाब देने के लिये तैयार है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गंगाप्रसाद तिवारी ने आयोजित वार्ता को सम्बोधित करते हुये कहा कि कांग्रेस पहले अंग्रेजों से अकेले लड़ी थी, तब भी लोगों ने अंग्रेजों से संधियां की, लेकिन जनता के विश्वास और साथ से गोरों को खदेड़ा और देश आजाद कराया तब से आज तक पार्टी से लोग जुड़े भी और कुछ व्यक्तिगत कारणों से अन्य दलों में चले गये तब भी कांग्रेस थी, अब भी है और आगे भी रहेगी, किन्तु भाजपा जिस परिपाठी पर चलते हुये धनबल और दबाव से लोगों को तोड़ा जा रहा है निश्चित ही यह लोकतंत्र के लिये खतरा साबित होगा। जनता यह बात अच्छी तरह से समझ रही है और 19 अप्रैल को पंजे की बटन दबाकर भाजपा को नकारेगी। अपने अस्तित्व को बचाने के लिये अब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का सहारा ले रही। प्रदेश में विगत 20 वर्ष एवं केन्द्र में 10 वर्ष से काबिज भाजपा की सरकार ने जनता को केवल महंगाई, अपराध, अत्याचार व अनाचार दिया है फिर भी वह जनता से यह अपेक्षा करती है कि उसे वोट प्राप्त हो परन्तु यह संभव नहीं है इसीलिये अब उसने सत्ता का दबाव कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर बनाना शुरू कर दिया है जो कि न्यायोचित नहीं है।

जिले की जनता देगी मुंहतोड़ जवाब:-आयोजित वार्ता को सम्बोधित करते हुये प्रकोष्ठों के प्रभारी गोविंद राय ने कहा कि भाजपा के सभी प्रपंच विफल होंगे, क्योंकि जागरूक व समझदार मतदाता पूर्व सीएम कमलनाथ व सांसद नकुलनाथ के साथ है और आगे भी रहेंगे। भाजपा की फूट डालो और राज करो की नीति को भी जनता देख रही है जिसका जवाब 19 अप्रैल को जनता खुलकर देगी।

बीजेपी द्वारा कांग्रेस पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संभागीय प्रवक्ता गुंजन शुक्ला ने कहा कि सिद्धांत विहीन, अवसरवादी राजनीति करने वालों को जनता जवाब देगी। उन्होंने आगे कहा कि तथाकथित रूप से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का दंभ भरने वाली भाजपा की जमीन खिसकी हुई है। भाजपा राज में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से हर वर्ग परेशान है, चुनाव जीतने जनता से किए हर वादे का हिसाब देने का समय आ गया है,इसलिए जनता का ध्यान भटकाने कांग्रेस के लोगों को डरा धमकाकर प्रलोभन देकर भाजपा अपनी पार्टी में शामिल करा रही है। जिसका कोई भी लाभ भाजपा को नहीं होगा। शुक्ला ने आगे कहा कि कांग्रेस विचारधारा से जुड़ा हर कार्यकर्ता पार्टी के साथ है और आगामी चुनाव में माननीय कमलनाथ के हाथ मज़बूत करने नकुल नाथ को पूरी ताकत से जिताएगा। आयोजित वार्ता में आभार प्रदर्शन जिला कांग्रेस के प्रवक्ता नितिन उपाध्याय ने व्यक्त किया। आयोजित वार्ता में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष एकलव्य यहाके भी उपस्थित रहे।

भाजपा ने विद्युत वितरण कम्पनी को बनाया लूट का जरिया -खपत से ज्यादा बिजली बिल बने सर दर्द

छिन्दवाड़ा:- म. प्र. पू. क्षे. वि. वि. कं. लि. को भाजपा ने लूट का जरिया बना लिया है। विद्युत कम्पनी उपभोक्ताओं को खपत से ज्यादा बिजली बिल दिया जा रहा है, कम्पनी द्वारा स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली बिलों में पारदर्शिता के खूब दावे किये जा रहे थे किन्तु यह प्रदेश की सरकार के लिये लूट का माध्यम बन चुके हैं। स्मार्ट मीटर भी आम जनता के जेब में डकैती डाल रहे हैं शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के बिलों में असमानता की शिकायतों का अंबार लगा हुआ है जिसका निराकरण करने में विभाग नाकाम है। कांग्रेस बिजली समस्या निवारण प्रकोष्ठ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से ना लेते हुये हिलाहवाली कर विभागीय अधिकारी त्रुटि सुधारने के बजाय स्वयं का बचाव करने में लगे हैं। बिजली कंपनी की जारी खुली लूट से आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। जिला कांग्रेस बिजली समस्या निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश उपाध्याय ने बताया कि एक तरफ अघोषित बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या आम जनता के लिए सरदर्द बनी हुई है वहीं दूसरी तरफ अनाप शनाप बिजली बिलों से लोग परेशान है घरेलू उपभोक्ताओं को खपत से ज्यादा बिजली बिलों ने आम जनता का बजट बिगाड़ दिया है। दो कमरें में रहने वाले परिवार में ज्यादा से ज्यादा 50 से 100 यूनिट खपत आती थी किंतु स्मार्ट मीटर लगने के उपरांत इससे दोगनी खपत आ रही है। छिंदवाड़ा शहर संभाग अभियंता से बिजली समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमण्डल ने चर्चा कर तत्काल उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने का आग्रह किया है। प्रतिनिधिमण्डल में जिला कांग्रेस बिजली निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश उपाध्याय, जितेंद्र सिंह चौहान, घीरज घोंगे, कार्यालय मंत्री नारू सोनी सहित अन्य उपस्थित रहे।

दीपक और धीरज को सौंपी जिम्मेदारी

छिन्दवाड़ा:- म.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के सांसद नकुलनाथ के निर्देशानुसार छिन्दवाड़ा विधानसभा युवक कांग्रेस में नवनियुक्तियां की गई है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपकर वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देशानुसार सामंजस्य बनाकर कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया है।जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे एवं युवक कांग्रेस अध्यक्ष एकलव्य यहाके की सहमति उपरांत छिन्दवाड़ा विधानसभा अध्यक्ष पिंचू बैस के द्वारा छिन्दवाड़ा विधानसभा युवक कांग्रेस ब्लॉक क्रमांक 2 में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दीपक चौरिया को सौंपी है। महामंत्री पद पर धीरज माहौरे मनोनीत किये गये हैं। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नियुक्ति के प्रति कमलनाथ एवं नकुलनाथ का हृदय से आभार माना है।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें