Home MORE कमलनाथ व नकुलनाथ का होगा छिन्दवाड़ा आगमन

कमलनाथ व नकुलनाथ का होगा छिन्दवाड़ा आगमन

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

-विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे सम्मिलित

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा:- मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ व छिन्दवाड़ा सांसद श्री नकुलनाथ का छिन्दवाड़ा आगमन होगा। आगमन उपरांत नेताद्वय जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। सांसद श्री नकुलनाथ मोहखेड़ ब्लॉक के ग्राम लावाघोघरी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित होंगे। सांसद कार्यालय द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार सांसद श्री नकुलनाथ का दिनांक 7 जनवरी को प्रात: 11 बजे विशेष वायुयान से इमलीखेड़ा हवाईपट्‌टी पर आगमन होगा, तत्पश्चात वे जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।दिनांक 8 जनवरी को प्रात: 11 बजे सांसद श्री नकुलनाथ का पांढुर्ना विधानसभा क्षेत्र के मोहखेड़ ब्लॉक अंतर्गत आने वाले लावाघोघरी में आगमन होगा, आगमन उपरांत वे यहां आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित होंगे। दोपहर 2 बजे शिकारपुर आगमन उपरांत वे जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।दिनांक 9 जनवरी को प्रात: 10.50 बजे पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ का विशेष वायुयान से इमलीखेड़ा हवाई पट्‌टी पर आगमन होगा, आगमन उपरांत वे एवं सांसद श्री नकुलनाथ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।दिनांक 10 जनवरी को पूर्व सीएम श्री कमलनाथ एवं सांसद श्री नकुलनाथ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में उपस्थित होंगे। दिनांक 11 जनवरी को नेताद्वय प्रात: 9 बजे छिन्दवाड़ा से प्रस्थान करेंगे।

 ———————-

 सांसद नकुलनाथ ने वनमंत्री व वन सचिव को लिखा  महत्वपूर्ण पत्र

 -कन्हान क्षेत्र में बंद पड़ी खदानों को प्रारम्भ कराने की  मांग

छिन्दवाड़ा:- जिले के युवा सांसद श्री नकुलनाथ ने  जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र की चार कोयला खदानों की स्वीकृति के लिये एक महत्वपूर्ण पत्र केन्द्रीय वन एवं  पर्यावरण मंत्री तथा वन सचिव को प्रेषित कर अवगत  कराया कि वन एवं पर्यावरण/जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के पास वन संरक्षण  अधिनियम 1980 के अन्तर्गत स्वीकृति हेतु विचाराधीन है जिस पर अविलम्ब निर्णय लिया जाये जिससे तीन  हजार कोयला खदानों के कामगारों को रोजगार प्राप्त हो सकें।

सांसद श्री नकुलनाथ ने अपने पत्र के माध्यम से कहा कि विविध सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनैतिक  गतिविधियों में अग्रसर मेरा संसदीय क्षेत्र छिन्दवाड़ा  अपनी कोयला खदानों के लिये भी सम्पूर्ण भारतवर्ष में अपनी प्रथक पहचान रखता है। कोयला से भरपूर हमारा पेंच एवं कन्हान क्षेत्र दमुआ से तानसी तक फैला हुआ है। इसकी भूमिगत खदानों को जीवन देने और इन्हें बचाये रखने के साथ हजारों कामगारों को रोजगार उपलब्ध  कराने के सार्थक प्रयास विगत चार दशकों से सतत जारी रहे हैं, परन्तु वर्तमान में कोल मंत्रालय तथा वन एवं  पर्यावरण/जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा इस क्षेत्र की अनदेखी किये जाने का खामियाजा सम्पूर्ण क्षेत्र को भुगतना  पड़ रहा है।

सांसद श्री नाथ ने केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री  भूपेन्द्र यादव जी एवं सुश्री लीना नन्दन सचिव, वन एवं पर्यावरण को प्रेषित पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि छिन्दवाड़ा जिले में वेर्स्टन कोल फील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) के कन्हान क्षेत्र विधानसभा जुन्नारदेव में संचालित भूमिगत खदानें क्रमश: तानसी- 206.826 हे. मोहन-मोआरी खदान 255.117 हे.धाऊनार्थ 57.618 हे. व भारत ओपन कास्ट खदान 14.00 हे. के प्रस्ताव वन एवं पर्यावरण/जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के पास वन संरक्षण  अधिनियम 1980 के अन्तर्गत स्वीकृति हेतु विचाराधीन है। सम्बंधित मंत्रालयों एवं सक्षम अधिकारियों द्वारा उक्त  खदानों के प्रस्तावों पर निर्णय लेने के स्थान पर जानकारी लेने अथवा जानकारी प्राप्त न होने की वजह बताते  हुये स्वीकृति नहीं दी जा रही है।

आपको विदित हो कि सार्थक कार्यवाही न होने की  स्थिति व स्वीकृति न मिलने पर वेकोलि द्वारा उपरोक्त  चारों खदानों को बंद कर दिया गया है जो कि पूर्णतया अव्यवहारिक है। इन खदानों के बंद होने से लगभग दो हजार वेकोलि के कर्मचारी एवं एक हजार ठेकेदारी के कर्मचारी अपनी  रोजी रोटी से प्रभावित हुये हैं। वेकोलि ने इन समस्त कर्मचारियों को जिले के बाहर  अन्यत्र स्थानों पर भेज दिया है। समुचित प्रक्रियाओं के उपरांत भी सम्बंधित विभाग व अधिकारियों द्वारा सार्थक निर्णय न लिये जाने से वेकोलि द्वारा उठाया गया यह कदम कामगारों के हक व हितों को प्रभावित करता है।

श्री नकुलनाथ ने अपने पत्र के अंत में आग्रह पूर्वक लिखा कि सम्पूर्ण विषय को संज्ञान में लेते हुये जानकारी के अभाव (Query) के स्थान पर स्वीकृति देने का कष्ट करें ताकि छिन्दवाड़ा जिले के कोयलांचल क्षेत्र एवं तीन  हजार कामगार व उन पर आश्रितों का भविष्य बचाया जा सके।

——————-

आज माता मंदिर में पूजा अर्चना कर पत्रकों का होगा  वितरण

छिन्दवाड़ा:- श्रीराम महोत्सव आयोजन समिति के सदस्यगण आज नगर के गुलाबरा क्षेत्र में राम नाम लेखन हेतु राम नाम पत्रकों का वितरण करेंगे। वार्ड क्रमांक 43 गुलाबरा स्थित शारदा माता मंदिर में विधि विधान से पूजन अर्चन के उपरांत स्थानीय धार्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक आयोजन समिति के सदस्यों के साथ पत्रकों का वितरण किया जायेगा। मारुति नंदन सेवा समिति के संयोजक आनंद बक्षी द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार दिनांक 6 जनवरी को वार्ड पार्षद शिवानी बंटी सक्सेना के निवास के समीप स्थित शारदा माता मंदिर में विधि विधान पूर्वक पूजन पाठ कर राम नाम पत्रकों का वितरण किया जावेगा।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें