-21 दिवसीय श्री राम महोत्सव का होगा भव्य शुभारंभ
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा:– मर्यादापुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का नाम जपने मात्र से संकट दूर हो जाती है और उनका स्मरण करने से सारे बिगड़े काम बन जाते हैं। प्रभु श्रीराम नाम की अलख जन-जन में जगाने हेतु मारुति नंदन सेवा समिति तत्वावधान में 21 दिवसीय विराट आयोजन किया जा रहा है जिसमें छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना जिले के सभी धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक संस्थायें एवं भजन-रामायण मंडल के साथ ही समस्त धर्म प्रेमी समुदाय, महिला संगठन व युवा संगठन की सहभागिता रहेगी। आयोजन से सम्बंधित महत्वपूर्ण जानकारियां आज आयोजित पत्रकार वार्ता में साझा की गई। आयोजित पत्रकार वार्ता में पड़ोसी जिले नरसिंहपुर से पधारे मप्र के सुप्रसिद्ध कथा वाचक मानस मर्मज्ञय अखिलेश रामायणी जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति में आम जनमान से अपील की कि मारुति नंदन सेवा समिति के द्वारा आयोजित किये जा रहे श्री राम महोत्सव में सभी बढ़चढ़कर हिस्सा लें, क्योंकि ऐसे धार्मिक आयोजनों से पुण्य लाभ प्राप्त होता है इसमें सभी की सहभागिता नितांत आवश्यक है। उन्होंने राम नाम का महत्व बताते हुये कहा कि राम नाम सम्पूर्ण जीवन और जीवन के उपरांत भी सदैव साथ रहता है। सुप्रसिद्ध तुलसी रामायण मंडल के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने मारुति नंदन सेवा समिति को इस आयोजन के लिये धन्यवाद देते हुये कहा कि यह आयोजन व्यक्तिगत और संस्थागत नहीं है इसमें सभी को सहर्ष शामिल होकर आयोजन को भव्य बनाना है ताकी हमारे जिले का नाम राम जन्मभूमि अयोध्या तक पहुंचे। श्रीमती शरद मिश्रा, अध्यक्ष त्रिशक्ति महिला मंच एवं श्रीमती वीणा चेडगे ने महिलाओं के सम्मिलित होने के साथ ही आयोजन में अपना सम्पूर्ण सहयोग देने की बात कही।नागपुर रोड चंदनगांव स्थित मणि महल लॉन में आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुये जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कहा कि हम सभी धर्मप्रेमी बंधु है। हमारा जिला धार्मिक आयोजनों व अनुष्ठानों के लिये विख्यात है। धर्मानुरागी पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ व सांसद श्री नकुलनाथ के सहयोग से दो बड़ी कथाओं का आयोजन किया गया है। इस बार जिला स्तर पर श्री राम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें सभी की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। मारुति नंदन सेवा समिति के संयोजक आनंद बक्षी ने आयोजन से जुड़ी जानकारी देते हुये कहा कि 26 से 31 दिसम्बर तक सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजन से सम्बंधित बैठकों का आयोजन किया जावेगा जिसके माध्यम से समस्त धार्मिक आयोजन से जुड़ी समितियों व महिला समूहों को भी सम्मिलित कर उनकी जिम्मेदारी तय करने के साथ ही ब्लॉक स्तर और फिर जिला स्तर पर स्थानीय दशहरा मैदान में होने वाले भव्य आयोजन की तैयारियां की जावेगी।
22 जनवरी 2024 को स्थानीय दशहरा मैदान में दोपहर 12 बजे समस्त ब्लॉक से आये राम नाम पत्रकों का एकत्रीकरण एवं वैदिक पूजन किया जायेगा जिसके उपरांत राम नाम पत्रक श्री अयोध्या जी के लिये समारोह पूर्वक ले जाये जायेंगे। सांय 6 बजे रामधुन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन से जुड़े प्रमुख बिन्दु:- 21 दिवसीय श्री राम महोत्सव का शुभारंभ 4 जनवरी 2024 को होगा और 24 जनवरी 2024 तक जारी रहेगा। आयोजन में 4 करोड़ 31 लाख राम नाम का लेखन, 4 से 9 जनवरी 2024 के मध्य 1088 राम नाम लिखने हेतु राम नाम पत्रकों का घर-घर वितरण किया जायेगा जिनकी संख्या 4 करोड़ 31 लाख होगी। 11 से 14 जनवरी के मध्य ब्लॉक मुख्यालय पर ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह राम नाम जप अथवा रामायण पाठ किया जायेगा। 15 से 18 जनवरी 2024 के मध्य महिलाओं के द्वारा विभिन्न धार्मिक आयोजन किये जायेंगे। 21 जनवरी को प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर राम नाम पत्रकों का एकत्रीकरण किया जावेगा। कार्यक्रमों के दौरान एक लाख रामरक्षा स्त्रोतम का वितरण किया जायेगा। आयोजित वार्ता में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, तथा दिनेश मिश्रा उपस्थित रहे। आशीष त्रिपाठी के द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।