नगरपालिका अध्यक्ष के प्रयासों से मिली स्वीकृति
पुराना कॉलेज भवन अमरवाड़ा में प्रारंभ होगा केंद्रीय विद्यालय
सतपुड़ा एक्सप्रेस अमरवाड़ा –नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति नितिन तिवारी के प्रयासों से केंद्रीय विद्यालय संगठन नई दिल्ली द्वारा अमरवाड़ा नगर में केंद्रीय विद्यालय स्वीकृत कर दिया गया है I
इस सम्बंध में जानकारी देते हुए नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री हरदीप पुरी जी से उनके द्वारा अमरवाड़ा नगर में केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ करने की मांग की गई थी एवं लगातार प्रयास किए गए थे जो सफल हुए हैं I अमरवाड़ा नगर में केंद्रीय विद्यालय स्वीकृत किया गया है एवं वर्तमान में वार्ड क्रमांक एक स्थित पुराना कॉलेज भवन में केंद्रीय विद्यालय तात्कालिक रूप से प्रारंभ कराया जाएगा I
केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ करने प्रशासनिक आदेश विकासखंड शिक्षा अधिकारी को प्राप्त हो चुके हैं I अमरवाड़ा नगर में इसी सत्र से केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ किया जाएगा I

नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद 15 सितंबर 2022 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर अमरवाड़ा में केंद्रीय विद्यालय स्वीकृत करने की मुहिम प्रारंभ की गई थी और उसके बाद अनेकों बार मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर छिंदवाड़ा से मिलकर इस दिशा में लगातार किए गए प्रयास आज सफल हुए हैं I
नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति के साथ भवन निर्माण हेतु बर्दिया के पास रेशम केंद्र वाली भूमि एवं अमरवाड़ा बायपास तिराहा के पास स्थित शासकीय भूमि चिन्हित कर आवंटित करने प्रस्तावित की गई थी । केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति एवं विद्यालय इसी सत्र से प्रारंभ करने की सौगात अमरवाड़ा को देने पर नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आभार व्यक्त किया गया I