Home CITY NEWS कलेक्टर ने दिए बीईओ और बीआरसी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश

कलेक्टर ने दिए बीईओ और बीआरसी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

कलेक्टर श्री नारायन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग एवं सर्व शिक्षा अभियान की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न ,शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने फील्ड अधिकारियों द्वारा स्कूलों के औचक निरीक्षण पर जोर सभी बीईओ, बीआरसी को मुख्यालय पर अनिवार्य रूप से निवास करने और सक्षम अधिकारी की अनुमति उपरांत ही मुख्यालय छोड़ने के निर्देश कार्यों में लगातार लापरवाही पर परासिया बीईओ और बीआरसी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/14 अक्टूबर 2026/ जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने बुधवार को शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र एवं जनजातीय कार्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ली। बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग एस.एस. मरकाम, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक जे.के. इड़पाचे सहित सहायक संचालक शिक्षा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सभी बीआरसी और बीएसी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री नारायन ने जिले में शैक्षणिक गतिविधियों, अपार आईडी निर्माण, शिक्षकों की ई – अटेंडेंस, अनुसूचित जाति, जनजाति विद्यार्थियों का एमपी टास पंजीयन, छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता राशि वितरण, सीएम हेल्पलाइन, अनुकम्पा नियुक्ति, पेंशन प्रकरण सहित विभिन्न एजेंडा बिंदुओं की विकासखंडवार विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लापरवाहों पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश – कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर करने के उद्देश्य से ही बीईओ, बीआरसी, बीएसी, जनशिक्षक जैसे पद बनाए गए हैं। स्कूलों का नियमित निरीक्षण और शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित कराना इनका पदीय दायित्व है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़े सभी फील्ड अधिकारी अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय पर निवास करें और सक्षम अधिकारी की अनुमति उपरांत ही मुख्यालय से बाहर जाएं। उन्होंने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लगातार लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद भी सुधार न दिखने पर कड़ी नाराजगी जताई एवं बीईओ और बीआरसी परासिया के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक को दिये।

गंभीरता से कराएं अपार आईडी एन्ट्री का कार्य – बैठक में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण में प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रस्तुत डाटा में विसंगति पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की और पोर्टल से वास्तविक डेटा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों की अपार आईडी क्रिएशन का कार्य बहुत महत्वपूर्ण है, सभी बीईओ, बीआरसी इस कार्य की गंभीरता को समझें। उन्होंने सभी विकासखण्डों को शत – प्रतिशत अपार आई डी क्रिएशन का कार्य गति के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मुख्यालय में निवास सुनिश्चित करने के निर्देश – कलेक्टर ने बैठक में बीईओ, बीआरसी सहित संबंधित सभी फील्ड अधिकारियों के मुख्यालय में निवास की स्थिति की पुनः समीक्षा की और इस आशय का प्रमाण पत्र प्राप्त किया। प्रमाण पत्र संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर उन्होंने स्पष्ट प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने निर्धारित मुख्यालय में निवास कर विभागीय दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। अवश्यकता पड़ने पर सक्षम अधिकारी की अनुमति उपरांत ही मुख्यालय छोड़ें। जो अधिकारी मुख्यालय में निवास नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

समय पर प्राप्त हो छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता राशि – कलेक्टर ने जनजातीय कार्य विभाग को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजातीय वर्ग के सभी पात्र विद्यार्थियों का एमपी टास पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित कराएं। इन सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और आवास सहायता योजना का समय पर लाभ दिलाने सुनिश्चित करें। अन्य निर्देश – कलेक्टर ने यू – डाइस पोर्टल पर सभी स्कूलों की प्रोफाइल, टीचर्स की प्रोफाइल और विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेशन का कार्य 30 अक्टूबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। विशेषकर परासिया, छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा, चौरई, तामिया और जुन्नारदेव ब्लॉक की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। विद्यार्थियों को गणवेश वितरण की भी समीक्षा की गई, 98.6 प्रतिशत विद्यार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।

कलेक्टर ने शिक्षकों के लिए समय – समय पर गुणवत्ता प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्वीकृत नवीन निर्माण कार्यों में प्रगति की भी समीक्षा की और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें